
देवरिया (राष्ट्र की परम्परा) जनपद में आमजन की सुरक्षा, महिला एवं बालिका सुरक्षा तथा पुलिस-जनता के बीच विश्वास को मजबूत बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर के निर्देशन में रविवार सुबह जिलेभर में “गुड मॉर्निंग देवरिया” एवं “एंटी रोमियो चेकिंग” अभियान चलाया गया। अभियान के तहत पुलिस टीमें सुबह से ही विभिन्न थाना क्षेत्रों में सक्रिय रहीं। पार्कों, स्टेडियमों, प्रमुख मार्गों, मंदिरों, शिवालयों और विद्यालयों के आसपास विशेष सतर्कता बरती गई।अभियान के दौरान पुलिसकर्मियों ने पार्कों एवं सड़कों पर मॉर्निंग वॉक कर रहे महिला और पुरुष नागरिकों से सीधे संवाद किया। उनकी समस्याओं और सुझावों को गंभीरता से सुना तथा सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया। इसके साथ ही प्रमुख पार्कों और मार्गों पर तैनात पुलिस बल की ड्यूटी का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए।वहीं, जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने बुजुर्ग नागरिकों से आत्मीय संवाद स्थापित कर उनकी कुशलक्षेम जानी। उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी लेते हुए हरसंभव सहायता, सम्मान और सुरक्षा का भरोसा दिलाया। पुलिस की इस पहल से बुजुर्गों में सुरक्षा की भावना मजबूत करने का प्रयास किया गया।अभियान के दौरान सार्वजनिक स्थानों, प्रमुख मार्गों और संवेदनशील क्षेत्रों में संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की सघन चेकिंग भी की गई। पुलिसकर्मियों ने संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखते हुए नियमों का उल्लंघन करने वालों को आवश्यक हिदायत दी तथा कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाली गतिविधियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की।महिला एवं बालिका सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सभी थानों की एंटी रोमियो टीमों ने विद्यालयों और कोचिंग संस्थानों में आने-जाने वाली बालिकाओं से संवाद किया। उन्हें महिला सुरक्षा से जुड़े अधिकारों और सहायता सेवाओं की जानकारी दी गई। इस दौरान 1090 वूमेन पावर लाइन और 112 आपातकालीन सेवा सहित महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों के बारे में जागरूक करते हुए किसी भी तरह की परेशानी या असुरक्षा महसूस होने पर तत्काल पुलिस की मदद लेने की अपील की गई।पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में संचालित इस अभियान का उद्देश्य केवल चेकिंग करना नहीं, बल्कि आमजन के बीच पुलिस की सहज उपलब्धता सुनिश्चित करना और महिलाओं, बालिकाओं, बुजुर्गों सहित प्रत्येक नागरिक को सुरक्षित वातावरण प्रदान करना है।
पुलिस विभाग के अनुसार, “सुरक्षित सुबह, सशक्त नारी, सुरक्षित नागरिक—भयमुक्त देवरिया हमारी प्राथमिकता” के संकल्प के साथ जनसंवाद, जन-जागरूकता, एंटी रोमियो चेकिंग और संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की जांच का यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।
