हिंदू-मुस्लिम एकता के आधार पर चुनाव लड़ने की कही बात, क्षेत्र के विकास और युवाओं को रोजगार दिलाने का जताया संकल्प

बहराइच( राष्ट्र की परम्परा)।हिंदू सुरक्षा सेवा संघ के मंडल अध्यक्ष ने मटेरा विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के संभावित प्रत्याशी के रूप में अपनी दावेदारी पेश करते हुए प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर अपनी रणनीति और क्षेत्र के विकास से जुड़े मुद्दों पर पत्रकारों के सामने अपनी बात रखी।प्रेस कॉन्फ्रेंस में पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि यदि भारतीय जनता पार्टी उन्हें मटेरा विधानसभा क्षेत्र से प्रत्याशी बनाती है तो वह हिंदू-मुस्लिम एकता और आपसी भाईचारे को आधार बनाकर चुनाव मैदान में उतरेंगे। उन्होंने दावा किया कि क्षेत्र में उनका अच्छा जनसंपर्क है और हिंदू-मुस्लिम दोनों समुदायों के लोगों का उन्हें समर्थन प्राप्त है।उन्होंने कहा कि मटेरा विधानसभा क्षेत्र में अभी भी कई ऐसे विकास कार्य हैं, जो अधूरे पड़े हैं। यदि उन्हें पार्टी की ओर से चुनाव लड़ने का अवसर मिलता है तो इन अधूरे कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने का प्रयास करेंगे। क्षेत्र में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य सहित बुनियादी सुविधाओं के विकास पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। साथ ही बेरोजगार युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए भी प्रयास किए जाएंगे।उन्होंने आगे कहा कि पार्टी नेतृत्व यदि उन पर भरोसा जताकर टिकट देता है तो वह पूरी मजबूती के साथ चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी के गढ़ माने जाने वाले मटेरा क्षेत्र में राजनीतिक मुकाबला करने और अपनी दावेदारी को जनता के बीच ले जाने की बात कही।इस दौरान पंकज विश्वकर्मा, पिंटू शर्मा, पप्पू कश्यप, अनिल कश्यप, राजू वर्मा, जमील अहमद सहित अन्य लोग मौजूद रहे।