डिप्टी सीएम केशव मौर्य बोले- डबल इंजन सरकार में विकास को मिली गति

लखीमपुर खीरी/लखनऊ, (राष्ट्र की परम्परा)|लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि संतों की वाणी समाज में समरसता, सद्भाव और मानवीय मूल्यों को मजबूत करने के साथ राष्ट्र निर्माण की दिशा भी दिखाती है। संत कबीर साहब की शिक्षाएं आज भी सामाजिक कुरीतियों, पाखंड और जातिगत भेदभाव के खिलाफ प्रेरणा देती हैं। उन्होंने यह बात बुधवार को संत श्री असंगदेव जी महाराज के 60वें अवतरण दिवस पर आयोजित कबीर महोत्सव एवं कबीर स्मृति भवन के भूमि पूजन समारोह में कही। इस अवसर पर उन्होंने कबीर स्मृति भवन का शिलान्यास किया।

लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि संत कबीर ने अपनी निर्भीक वाणी से समाज को समानता, विवेक और मानवता का संदेश दिया। लोकतंत्र में विचारों की भिन्नता स्वाभाविक है, लेकिन सहमति और असहमति दोनों का सम्मान होना चाहिए। कबीर की शिक्षाएं संयम, मर्यादा और विवेक के साथ अपनी बात रखने की प्रेरणा देती हैं। उन्होंने संत श्री असंगदेव जी महाराज के सामाजिक एवं आध्यात्मिक योगदान की भी सराहना की।

2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य

उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत तेजी से विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। केंद्र और प्रदेश की डबल इंजन सरकार बिना भेदभाव जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंचा रही है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित और शक्तिशाली राष्ट्र बनाने का लक्ष्य है। देश प्रत्येक क्षेत्र में प्रगति कर रहा है और वैश्विक स्तर पर अपनी मजबूत पहचान स्थापित कर रहा है।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 से पहले के भारत और वर्ष 2017 से पहले के उत्तर प्रदेश की तुलना में विकास एवं सुशासन के क्षेत्र में व्यापक बदलाव आया है। उन्होंने प्रदेश में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने और अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई का भी उल्लेख किया।

जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि सरकारी जमीन, नालियों और पोखरों पर कब्जा करने के बजाय बच्चों की शिक्षा और उनके उज्ज्वल भविष्य पर ध्यान देना चाहिए।

समारोह में प्रदेश सरकार के मंत्री एवं प्रभारी मंत्री नितिन अग्रवाल, पूर्व केंद्रीय मंत्री अजय मिश्र टेनी, विधायक योगेश वर्मा, विनोद शंकर अवस्थी, शशांक वर्मा, अमन गिरी और रोमी साहनी सहित भाजपा जिलाध्यक्ष अरविंद गुप्ता, विभिन्न राज्यों से आए संत-महात्मा तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन भारत माता की जय और जय श्रीराम के उद्घोष के साथ हुआ।