संत कबीर नगर (राष्ट्र की परम्परा)। जनगणना-2027 के द्वितीय चरण की तैयारियों के तहत बुधवार को लगातार तीसरे दिन 550 प्रगणकों और सुपरवाइजरों को प्रशिक्षण दिया गया। स्थानीय प्रभा देवी डिग्री कॉलेज, खलीलाबाद में आयोजित प्रशिक्षण में तहसील के ग्रामीण क्षेत्रों और नगर पालिका क्षेत्र में जनगणना कार्य के लिए तैनात कर्मियों ने हिस्सा लिया।
अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) व जिला जनगणना अधिकारी सत्य प्रकाश के मार्गदर्शन में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में खलीलाबाद तहसील के ग्रामीण क्षेत्रों के 450 और नगर पालिका खलीलाबाद के 100 प्रगणकों व सुपरवाइजरों को प्रशिक्षित किया गया। जनगणना के द्वितीय चरण को लेकर चल रहे इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में कर्मियों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप कार्य करने के लिए तैयार किया जा रहा है।
प्रशिक्षण सत्र में उप जिलाधिकारी हृदय राम तिवारी, तहसीलदार अनुराग यादव, राजस्व निरीक्षक संजय मिश्रा, नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी सहित संबंधित अधिकारी, प्रगणक और सुपरवाइजर मौजूद रहे।
