
शाहजहांपुर (राष्ट्र की परम्परा)। जलालाबाद क्षेत्र के परशुरामपुरी कस्बे के मोहल्ला जमदग्नि में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने पुलिस बल के साथ एक राइस मिल परिसर में संचालित सौंफ के गोदाम पर औचक छापेमारी की। लखनऊ से पहुंची टीम ने कार्रवाई के दौरान सौंफ के नमूने एकत्र किए। इन्हें जांच के लिए राजकीय प्रयोगशाला भेजा जाएगा। वहीं, सुरक्षा मानकों के संभावित उल्लंघन को देखते हुए प्रशासन ने गोदाम को अगली जांच तक सीज कर दिया।जानकारी के अनुसार, खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 की धारा 38 के तहत की गई इस कार्रवाई के दौरान टीम ने गोदाम में रखी सौंफ की जांच की और संदिग्ध नमूने संग्रहित किए। अधिकारियों की ओर से नमूनों को प्रयोगशाला भेजकर उनकी गुणवत्ता की जांच कराई जाएगी।पूछताछ के दौरान सामने आया कि राइस मिल परिसर सोनू गुप्ता का है, जिसे उन्होंने संजू गुप्ता को किराये पर दे रखा था। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए गोदाम को सीज कर दिया।फिलहाल, सौंफ के नमूनों की जांच रिपोर्ट आने का इंतजार है। रिपोर्ट में खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन की पुष्टि होने पर संबंधित लोगों के विरुद्ध नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
