
शाहजहांपुर (राष्ट्र की परम्परा)। महानगर के खन्नौत नदी के पास स्थित अक्षरधाम कॉलोनी में सड़क एवं नाली निर्माण कार्य को लेकर जिलाधिकारी और नगर आयुक्त सौम्या गुरुरानी ने स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने प्रस्तावित निर्माण कार्यों की तैयारियों का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि सड़क निर्माण के लिए नियमानुसार पैमाइश कराई जाए। सड़क की निर्धारित सीमा के अंतर्गत आने वाले अवैध निर्माणों को चिह्नित कर उन पर लाल निशान लगाए जाएं, ताकि निर्माण कार्य में किसी प्रकार की बाधा न आए और सड़क का निर्माण निर्धारित मानकों के अनुसार कराया जा सके।जिलाधिकारी ने नगर आयुक्त को निर्देशित किया कि नियमानुसार चिह्नित अवैध निर्माणों को हटाने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही सड़क एवं नाली निर्माण कार्य को जल्द शुरू कराया जाए, जिससे क्षेत्र के लोगों को बेहतर आवागमन और जल निकासी की सुविधा मिल सके।निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त सौम्या गुरुरानी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
