
गोरखपुर (राष्ट्र की परम्परा)चौरी चौरा थाना क्षेत्र के देवीपुर गांव के पास ट्रक की टक्कर से झंगहा थाने में तैनात आरक्षी अर्जुन राम की मौत हो गई। वह चौरी चौरा स्थित क्षेत्राधिकारी कार्यालय से सरकारी कागजात लेकर मोटरसाइकिल से झंगहा थाने जा रहे थे। हादसे के बाद पुलिसकर्मी उन्हें एम्स अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। शनिवार को पुलिस लाइन स्थित पुलिस शहीद स्मृति स्थल पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ सहित अन्य अधिकारियों ने दिवंगत आरक्षी को श्रद्धांजलि अर्पित की।बलिया जिले के निवासी अर्जुन राम पुत्र तेज प्रताप गौड़ झंगहा थाने में आरक्षी नागरिक पुलिस के पद पर तैनात थे। शुक्रवार रात करीब 10 बजे वह सरकारी कागजात लेकर झंगहा थाने जा रहे थे। देवीपुर गांव के पास पीछे से आए ट्रक ने उनकी मोटरसाइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। इससे वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर चौरी चौरा पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें तत्काल एम्स अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।अर्जुन राम करीब दो वर्ष तक चौरी चौरा थाने में तैनात रहे थे। लगभग एक वर्ष पहले उनका स्थानांतरण झंगहा थाने में हुआ था। उनका परिवार चौरी चौरा थाना परिसर स्थित सरकारी आवास में रहता है। उनकी असामयिक मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी और दो बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना से पुलिस विभाग में भी शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस लाइन स्थित पुलिस शहीद स्मृति स्थल पर एसएसपी डॉ. कौस्तुभ ने दिवंगत आरक्षी के पार्थिव स्मृति को श्रद्धांजलि अर्पित की और शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। इस दौरान पुलिस अधीक्षक उत्तरी राजेश धूमावत, पुलिस अधीक्षक अपराध अयोध्या प्रसाद सिंह, सहायक पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी लाइन अरुणकुमार एस, प्रतिसार निरीक्षक अविचित पांडेय समेत अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।उधर, पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। चालक की तलाश की जा रही है। एक पुलिसकर्मी की सड़क हादसे में मौत से विभाग में शोक का माहौल है।
