शिकायतों के त्वरित और निष्पक्ष निस्तारण के दिए निर्देश

शाहजहांपुर(राष्ट्र क़ी परम्परा)
तहसील कलान में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह और पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित ने फरियादियों की शिकायतें सुनीं। अधिकारियों ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को शिकायतों का समयबद्ध, निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

डीएम ने कहा कि जनशिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर लेकर उनका प्रभावी समाधान किया जाए। किसी भी शिकायत के निस्तारण में लापरवाही न बरती जाए और प्रत्येक मामले की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि फरियादियों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

वहीं, एसपी ने पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतों को गंभीरता से सुना। उन्होंने संबंधित पुलिस अधिकारियों को तथ्यों के आधार पर निष्पक्ष कार्रवाई करने और शिकायतकर्ताओं को की गई कार्रवाई से अवगत कराने के निर्देश दिए।

समाधान दिवस में कुछ शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर फरियादियों को राहत दी गई, जबकि शेष शिकायतों के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया। इस दौरान मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. विवेक कुमार मिश्रा और क्षेत्राधिकारी परशुरामपुरी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।