
जिलाधिकारी ने पदाधिकारियों को दी शुभकामनाएं, जनहित में सकारात्मक भूमिका निभाने की अपील
कुशीनगर (राष्ट्र की परम्परा)। कलेक्ट्रेट बार एसोसिएशन के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी संजय चौहान की उपस्थिति में सम्पन्न हुआ। समारोह के मुख्य अतिथि जिलाधिकारी ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष वीरेन्द्र नाथ मिश्र को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इसके बाद अध्यक्ष वीरेन्द्र नाथ मिश्र ने एसोसिएशन के अन्य नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शपथ दिलाई।शपथ ग्रहण करने वालों में उपाध्यक्ष मुरली मनोहर श्रीवास्तव और महामंत्री निलरतन श्रीवास्तव सहित अन्य पदाधिकारी शामिल रहे।समारोह को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी संजय चौहान ने सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की। उन्होंने कहा कि अधिवक्ता न्यायिक एवं प्रशासनिक व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। न्याय व्यवस्था को प्रभावी बनाने के साथ ही जनहित से जुड़े मामलों में अधिवक्ताओं की सकारात्मक सहभागिता महत्वपूर्ण है। उन्होंने उम्मीद जताई कि एसोसिएशन के पदाधिकारी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ करेंगे।इस अवसर पर वरिष्ठ अधिवक्ता जगदीश लाल श्रीवास्तव, विजय कुमार श्रीवास्तव, कैलाश पाण्डेय, रवीन्द्र उपाध्याय, बृजभान तिवारी और प्रेम प्रकाश तिवारी सहित अन्य वक्ताओं ने विचार व्यक्त किए। सभी ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल कार्यकाल की अपेक्षा जताई।कार्यक्रम का संचालन अधिवक्ता किशोर यादव ने किया। समारोह में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) पवन कुमार, जिला उपभोक्ता फोरम के अध्यक्ष रमेश पाण्डेय, दिव्य कुमार मिश्रा, सहायक आयुक्त स्टाम्प सहित अन्य अधिकारी, अधिवक्तागण एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।अंत में कलेक्ट्रेट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष वीरेन्द्र नाथ मिश्र ने अध्यक्षीय संबोधन के माध्यम से सभी अतिथियों और उपस्थित अधिवक्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।
