
बहराइच (राष्ट्र की परम्परा)। मिहींपुरवा रामलीला मेला मैदान में आयोजित होने वाले धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों को लेकर शनिवार को श्रीराम लीला मेला ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने उपजिलाधिकारी मोनालिसा जौहरी से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने मेले में होने वाले कार्यक्रमों का विस्तृत विवरण सौंपते हुए आयोजन को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन से सहयोग मांगा। साथ ही सुरक्षा, यातायात और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को समय रहते दुरुस्त कराने की मांग की।ट्रस्ट की ओर से बताया गया कि मेले के कार्यक्रमों की जानकारी पूर्व में ही तहसील कार्यालय को भेज दी गई थी। इसके बावजूद शनिवार को प्रशासन को दोबारा कार्यक्रमों का ब्योरा उपलब्ध कराया गया। उल्लेखनीय है कि शुक्रवार को रामलीला मेला मैदान का निरीक्षण करने पहुंचीं एसडीएम मोनालिसा जौहरी ने ट्रस्ट की ओर से आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की जानकारी उपलब्ध नहीं कराए जाने की बात कही थी। इस पर ट्रस्ट अध्यक्ष जुगल किशोर पोरवाल ने बताया था कि कार्यक्रमों का विवरण पहले ही तहसील कार्यालय भेजा जा चुका है।ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने एसडीएम को बताया कि मेले में रामलीला मंचन, नगर में श्रीराम रथ यात्रा, भगवान श्रीराम का राज्याभिषेक और दशहरा पर्व पर रावण दहन सहित विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा बच्चों के मनोरंजन के लिए झूले और अन्य आकर्षण भी लगाए जाएंगे। मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और क्षेत्रवासियों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए ट्रस्ट ने प्रशासन से आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित कराने का आग्रह किया।इस दौरान श्रीराम रथ यात्रा के निर्धारित मार्ग में आने वाले संभावित अवरोधों को दूर कराने और यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के संबंध में एसडीएम को पत्र भी सौंपा गया। ट्रस्ट ने मांग की कि रथ यात्रा के मार्ग को सुगम बनाया जाए, यातायात व्यवस्था व्यवस्थित रखी जाए तथा श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए पर्याप्त इंतजाम किए जाएं।ट्रस्ट के प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन से आपसी समन्वय स्थापित कर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी कराने की अपील की, ताकि रामलीला मेला और उससे जुड़े धार्मिक आयोजन शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित वातावरण में संपन्न हो सकें।
