बरियारपुर की साइबर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई कर कराई धनराशि वापस
देवरिया (राष्ट्र की परम्परा)। साइबर अपराध के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत देवरिया पुलिस ने साइबर ठगी के शिकार एक पीड़ित को राहत दिलाते हुए उसके खाते में 20 हजार रुपये वापस कराए हैं। पुलिस की इस कार्रवाई पर पीड़ित ने साइबर पुलिस टीम के प्रति आभार व्यक्त किया।
पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर के निर्देशन में साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के क्रम में थाना बरियारपुर की साइबर पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार, बरियारपुर थाना क्षेत्र के पड़रीमल्ल नगर निवासी राणा प्रताप मल्ल पुत्र रामसुन्दर मल्ल के साथ साइबर ठगी के माध्यम से धोखाधड़ी हुई थी। पीड़ित ने इस संबंध में 7 जुलाई 2025 को राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (एनसीआरपी) पर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत का एकनॉलेजमेंट नंबर 33107250073770 है।
शिकायत को गंभीरता से लेते हुए थाना बरियारपुर की साइबर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई की और ठगी की धनराशि को समय रहते होल्ड करा दिया। इसके बाद न्यायालय के आदेश के माध्यम से आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर 20 हजार रुपये पीड़ित के खाते में वापस करा दिए गए।
धनराशि वापस मिलने पर पीड़ित ने पुलिस टीम की त्वरित एवं सराहनीय कार्रवाई की प्रशंसा करते हुए आभार जताया।
इस कार्रवाई में साइबर प्रभारी उपनिरीक्षक दीपमंजरी पाण्डेय, आरक्षी अभिषेक यादव, आरक्षी प्रियेश यादव और आरक्षी विवेक सिंह चंदेल शामिल रहे।
साइबर ठगी होने पर तत्काल करें शिकायत
देवरिया पुलिस ने आमजन से अपील की है कि साइबर ठगी का शिकार होने पर घबराएं नहीं, बल्कि तत्काल कार्रवाई करें। साइबर धोखाधड़ी की सूचना मिलते ही हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें या राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं। समय पर शिकायत करने से ठगी की धनराशि को होल्ड कराने और वापस पाने की संभावना बढ़ जाती है।
