
परतावल में सीएचसी के पास वारदात, दो अन्य गुमटियों के ताले तोड़ने का भी प्रयास
महराजगंज (राष्ट्र की परम्परा)। श्यामदेंउरवा थाना क्षेत्र के परतावल कस्बे के वार्ड नंबर -11 में चोरों ने बीआरसी रोड स्थित सीएचसी के पास एक गुमटी का ताला तोड़कर नगदी और सामान चोरी कर लिया। चोरों ने आसपास की दो अन्य गुमटियों को भी निशाना बनाने का प्रयास किया, लेकिन वहां चोरी करने में सफल नहीं हो सके। घटना के बाद दुकानदारों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।परतावल निवासी अभिषेक प्रजापति बीआरसी रोड पर सीएचसी के समीप गुमटी में दुकान चलाते हैं। शुक्रवार रात वह रोज की तरह दुकान बंद कर घर चले गए। शनिवार सुबह दुकान खोलने पहुंचे तो गुमटी का ताला टूटा मिला। अंदर सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था। जांच करने पर नगदी समेत कुछ सामान गायब मिला। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी।सूचना पर डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से घटना के संबंध में जानकारी ली। दुकानदारों के अनुसार, चोरों ने पास की दो अन्य गुमटियों में भी चोरी का प्रयास किया, लेकिन वे ताले तोड़ने में सफल नहीं हुए।एक ही क्षेत्र में गुमटियों को निशाना बनाए जाने से दुकानदारों में चिंता बढ़ गई है। दुकानदारों ने रात के समय बाजार क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है। पीड़ित दुकानदार ने पुलिस से घटना का खुलासा कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।चौकी प्रभारी अवनीश सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। घटनास्थल और आसपास संभावित सुरागों की पड़ताल कर चोरी में शामिल लोगों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
