टिकट के लिए मची अफरातफरी,दूसरी टिकट खिड़की न खुलने से हुई परेशानी

बहराइच (राष्ट्र की परम्परा)। नौचंदी जुमेरात के अवसर पर बहराइच स्थित दरगाह शरीफ जाने वाले श्रद्धालुओं की भारी भीड़ गुरुवार को नेपालगंज रोड रेलवे स्टेशन (रुपईडीहा) पर उमड़ पड़ी। यात्रियों की संख्या अधिक होने के बावजूद टिकट के लिए केवल एक खिड़की खुली होने से स्टेशन पर अफरातफरी की स्थिति बन गई।यात्रियों का आरोप है कि भारी भीड़ के बीच दूसरी टिकट खिड़की नहीं खोली गई, जिसके कारण सैकड़ों यात्रियों को समय से टिकट नहीं मिल सका। टिकट लेने के लिए यात्रियों में धक्का-मुक्की और अफरातफरी की स्थिति दिखाई दी। कई यात्री एक-दूसरे से आगे निकलकर टिकट लेने का प्रयास करते नजर आए।यात्रियों ने स्टेशन पर बैठने की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने की भी शिकायत की। उनका कहना है कि नवनिर्मित स्टेशन से बेहतर यात्री सुविधाओं की उम्मीद थी, लेकिन उद्घाटन के बाद भी कई मूलभूत व्यवस्थाएं पर्याप्त नहीं हैं। कुछ यात्रियों ने स्टेशन मास्टर के व्यवहार को लेकर भी नाराजगी जताई। यात्रियों ने बदसलूकी और तानाशाहीपूर्ण व्यवहार के आरोप लगाते हुए रेलवे अधिकारियों से मामले का संज्ञान लेने तथा भीड़ के समय अतिरिक्त टिकट खिड़की खोलने की व्यवस्था कराने की मांग की।बताते चलें कि नेपालगंज रोड रेलवे स्टेशन (रुपईडीहा) का नवनिर्मित स्टेशन 31 अगस्त 2026 को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा झंडी दिखाकर चालू कराया गया था। स्टेशन के शुरू होने के बाद क्षेत्र के यात्रियों और श्रद्धालुओं को आवागमन में सुविधा मिलने की उम्मीद जगी थी।नौचंदी जुमेरात पर उमड़ी भीड़ ने स्टेशन की यात्री सुविधाओं और टिकट व्यवस्था की तैयारियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। यात्रियों ने रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों से मांग की है कि भीड़ वाले दिनों में पर्याप्त टिकट काउंटर खोले जाएं, यात्रियों के बैठने की व्यवस्था बढ़ाई जाए और स्टेशन पर अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना न करना पड़े।