
शाहजहांपुर (राष्ट्र की परम्परा)। गढ़िया रंगीन कस्बे में गुरुवार को हुई तेज बारिश और हवा के चलते गोगेपुर चौराहे पर एक पेड़ अचानक जड़ से उखड़कर गिर गया। पेड़ के नीचे खड़ी एक बाइक भी उसके नीचे दब गई। गनीमत रही कि घटना के समय तेज बारिश और हवा के कारण पेड़ के आसपास कोई मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया।पेड़ गिरने से गोगेपुर चौराहे पर आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया। रास्ता बंद होने के कारण राहगीरों और स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। घटना की जानकारी दुकानदारों और ग्रामीणों ने पुलिस को दी।सूचना मिलने पर एसआई रविंद्र कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने वन विभाग के फॉरेस्टर रामप्रसाद से संपर्क कर पेड़ को हटवाने की कार्रवाई शुरू कराई। स्थानीय लोगों के अनुसार पेड़ हटने के बाद चौराहे पर आवागमन सुचारु होने की उम्मीद है।घटना की सूचना देने वालों में पवन सक्सेना, बृजेश, गोविंद गुप्ता, राहुल गुप्ता, लाल गुर्जर और राकेश यादव सहित अन्य लोग शामिल रहे।
