गायत्री मंदिर के पास पुलिस ने पकड़ा वाहन, चकरी-सुतली बम से लेकर स्काई बम और फुलझड़ी तक बरामद

महराजगंज (राष्ट्र की परम्परा)। नौतनवां कस्बे के शास्त्रीनगर वार्ड स्थित गायत्री मंदिर के पास गुरुवार को पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए डीसीएम से 70 गत्तों में रखे विभिन्न प्रकार के अवैध विस्फोटक पदार्थ और आतिशबाजी के पटाखे बरामद किए। पुलिस ने मौके से दो आरोपितों को गिरफ्तार करने के साथ डीसीएम को भी कब्जे में ले लिया। बरामद आतिशबाजी में चकरी, सुतली बम, छुरछुरी, स्काई बम और फुलझड़ी समेत कई प्रकार के पटाखे शामिल हैं। पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में अवैध विस्फोटक पदार्थों एवं आतिशबाजी के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 17 सितंबर को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर नौतनवां पुलिस ने वार्ड नंबर 10 शास्त्री नगर स्थित गायत्री मंदिर के पास डीसीएम संख्या U P 53 HT 1335 की जांच की। तलाशी के दौरान वाहन में 70 गत्तों में विभिन्न प्रकार के विस्फोटक पदार्थ एवं आतिशबाजी के पटाखे रखे मिले। पुलिस ने मौके से देवरिया जिले के मदनपुर थाना क्षेत्र के दुबौली निवासी करीब 55 वर्षीय राकेश दूबे पुत्र सुरेंद्र दूबे और नौतनवां थाना क्षेत्र के गजरही निवासी करीब 42 वर्षीय कन्हैया पुत्र योगेंद्र प्रसाद को गिरफ्तार किया। पुलिस ने दोनों के विरुद्ध नौतनवां थाने में मुकदमा अपराध संख्या 182/2026 दर्ज किया है। मामले में धारा 5/9(बी) विस्फोटक अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के मुताबिक बरामदगी और गिरफ्तारी के बाद मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। पुलिस व अग्निशमन टीम की संयुक्त कार्रवाई में थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह, उप-निरीक्षक शेर बहादुर यादव, उप-निरीक्षक रोहित यादव, राजेंद्र प्रसाद के नेतृत्व में अग्निशमन टीम तथा पुलिसकर्मी मनीष यादव, हिमांशु सिंह, शंकर दयाल, अनुप तिवारी और ऋषभ सिंह शामिल रहें।पुलिस की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध विस्फोटक पदार्थों और आतिशबाजी के भंडारण व परिवहन को लेकर भी जांच तेज कर दी गई है।