संत कबीर नगर (राष्ट्र की परम्परा)। जिले के युवाओं और पारंपरिक कारीगरों के लिए स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ने का अहम अवसर सामने आया है। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के तहत जहां युवाओं को उद्यम शुरू करने और आगे बढ़ाने के लिए क्षमता संवर्धन कार्यशाला आयोजित की जाएगी, वहीं विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के तहत दर्जी ट्रेड के अभ्यर्थियों को 10 दिवसीय कौशल प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके लिए दर्जी ट्रेड के चयन साक्षात्कार 14 से 19 सितंबर तक होंगे, जबकि युवा उद्यमिता से जुड़ी क्षमता संवर्धन कार्यशाला अब 24 सितंबर को आयोजित की जाएगी। उपायुक्त उद्योग विनोद कुमार वर्मा ने बताया कि मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के तहत जनपद स्तरीय क्षमता संवर्धन कार्यशाला की तिथि में बदलाव किया गया है। पहले यह कार्यशाला 14 सितंबर को प्रस्तावित थी, लेकिन अब इसका आयोजन 24 सितंबर 2026 को सुबह 11 बजे से डीपीआरसी हॉल, विकास भवन, संत कबीर नगर में किया जाएगा। कार्यशाला में युवाओं को योजना, उद्यम स्थापना और स्वरोजगार से संबंधित आवश्यक जानकारी एवं मार्गदर्शन दिया जाएगा। वहीं विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना वित्तीय वर्ष 2026-27 के तहत दर्जी ट्रेड से जुड़े व्यक्तियों को कौशल वृद्धि के लिए 10 दिवसीय प्रशिक्षण दिया जाना है। प्रशिक्षणार्थियों के चयन के लिए 14, 15, 16, 17, 18 और 19 सितंबर को सुबह 11 बजे से जिला उद्योग एवं उद्यमिता प्रोत्साहन विकास केंद्र, संत कबीर नगर में साक्षात्कार आयोजित किए जाएंगे। इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित तिथियों में साक्षात्कार में शामिल होकर चयन प्रक्रिया में भाग ले सकते हैं।
