कुशीनगर (राष्ट्र की परम्परा)। जनपद के पत्रकारों के अधिकारों और उनकी प्रभावी भागीदारी सुनिश्चित करने की दिशा में मान्यता प्राप्त पत्रकार समिति, कुशीनगर ने महत्वपूर्ण पहल की है। समिति ने उत्तर प्रदेश के निदेशक सूचना, लखनऊ को पत्र भेजकर मांग की है कि जिला प्रशासन द्वारा गठित की जाने वाली मीडिया की स्थायी समिति में मान्यता प्राप्त पत्रकार समिति के प्रतिनिधियों को अनिवार्य रूप से शामिल किया जाए।
समिति के अध्यक्ष एस.एन. शुक्ला ने अपने पत्र में कहा है कि मान्यता प्राप्त पत्रकार समिति, कुशीनगर एक पंजीकृत एवं सक्रिय संगठन है, जिसमें जनपद के सभी मान्यता प्राप्त पत्रकार सदस्य एवं पदाधिकारी के रूप में जुड़े हुए हैं। ऐसे में पत्रकारों से जुड़े विषयों पर गठित किसी भी सरकारी समिति में संगठन का प्रतिनिधित्व सुनिश्चित किया जाना लोकतांत्रिक व्यवस्था और पारदर्शिता की दृष्टि से आवश्यक है।
पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि मीडिया स्थायी समिति में संगठन के प्रतिनिधियों की भागीदारी से पत्रकारों की समस्याओं, सुझावों और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रशासन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जा सकेगा। इससे शासन, प्रशासन और मीडिया के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होगा तथा पत्रकारों के हितों की रक्षा भी अधिक मजबूती से हो सकेगी।
समिति ने निदेशक सूचना से अनुरोध किया है कि इस संबंध में कुशीनगर जिला प्रशासन को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएं, ताकि मीडिया की स्थायी समिति का गठन करते समय मान्यता प्राप्त पत्रकार समिति के प्रतिनिधियों को उचित स्थान दिया जा सके। संगठन का कहना है कि इससे जिले के पत्रकारों की भागीदारी बढ़ेगी और पत्रकार हितों से जुड़े मामलों के समाधान में भी सकारात्मक सहयोग मिलेगा।
