कुशीनगर (राष्ट्र की परम्परा)। मान्यता प्राप्त पत्रकार समिति, कुशीनगर की महत्वपूर्ण बैठक रविवार को पडरौना नगर स्थित एक स्थानीय होटल में संपन्न हुई। संगठन के अध्यक्ष एस.एन. शुक्ला की अध्यक्षता तथा संरक्षक ओमप्रकाश द्विवेदी एवं प्रभुनाथ गुप्त के मार्गदर्शन में आयोजित बैठक में संगठन को अधिक सक्रिय, मजबूत और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक में संगठनात्मक बदलाव, पत्रकार हितों की सुरक्षा तथा भविष्य की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में सर्वसम्मति से संगठन के महामंत्री पद पर वरिष्ठ पत्रकार आरके भट्ट को नई जिम्मेदारी सौंपी गई। पूर्व महामंत्री की निष्क्रियता को देखते हुए कोषाध्यक्ष कृष्ण मोहन पांडेय ने आरके भट्ट का नाम प्रस्तावित किया, जिसे उपस्थित सभी सदस्यों ने ध्वनिमत से स्वीकार कर लिया। वहीं, आरके भट्ट के महामंत्री बनने से रिक्त हुए उपाध्यक्ष पद पर वरिष्ठ पत्रकार संजय चाणक्य का सर्वसम्मति से निर्वाचन किया गया।
बैठक में संगठन को नियमित रूप से सक्रिय बनाए रखने के लिए प्रत्येक माह के अंतिम शनिवार को मासिक बैठक आयोजित करने का निर्णय लिया गया। इसके साथ ही संगठन के स्थायी कार्यालय की स्थापना का प्रस्ताव भी पारित किया गया। इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी का दायित्व संगठन मंत्री हेमंत चौरसिया को सौंपा गया, जो कार्यालय की व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे।
पत्रकारों की समस्याओं के त्वरित समाधान और प्रशासनिक संवाद को मजबूत बनाने के उद्देश्य से यह भी तय किया गया कि प्रत्येक तीन माह में उत्तर प्रदेश के सूचना निदेशक एवं जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ त्रैमासिक बैठक आयोजित की जाएगी। इन बैठकों में पत्रकारों से जुड़े मुद्दों, सुरक्षा, अधिकारों तथा कार्य संबंधी समस्याओं पर चर्चा कर समाधान का प्रयास किया जाएगा।
बैठक के दौरान सहायक निदेशक एवं जिला सूचना अधिकारी कार्यालय से जुड़े पत्रकारों के साथ हाल में हुए कथित दुर्व्यवहार का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। संगठन ने इस घटना को गंभीर बताते हुए मुख्यमंत्री तथा सूचना निदेशक को पत्र भेजकर निष्पक्ष जांच और आवश्यक कार्रवाई की मांग करने का निर्णय लिया।
अध्यक्ष एस.एन. शुक्ला ने कहा कि संगठन पत्रकारों के सम्मान, अधिकारों और सुरक्षा से जुड़े प्रत्येक मुद्दे पर मजबूती से खड़ा रहेगा तथा किसी भी प्रकार के उत्पीड़न को स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने संगठन की एकजुटता को ही पत्रकार हितों की सबसे बड़ी ताकत बताया।

बैठक में संगठन के नए लोगो (Logo) के डिजाइन को भी सर्वसम्मति से स्वीकृति प्रदान की गई। कार्यक्रम में ओमप्रकाश द्विवेदी, प्रभुनाथ गुप्त, आरके भट्ट, हेमंत चौरसिया, संजय चाणक्य, शैलेश उपाध्याय, राजेश दुबे ‘राजू’, संतोष सिंह, अभय मिश्रा, अजय कुमार मिश्रा, अनिल कुमार पांडेय, अशोक कुमार शुक्ला, कृष्ण मोहन दीक्षित, कृष्ण मोहन पांडेय, राज सिंह सहित संगठन के अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
