Friday, July 10, 2026
HomeNewsbeatनवीन आयकर अधिनियम-2025 की जानकारी देने को जागरूकता संगोष्ठी आयोजित, 15 से...

नवीन आयकर अधिनियम-2025 की जानकारी देने को जागरूकता संगोष्ठी आयोजित, 15 से 31 जुलाई तक लगेगा शिकायत निवारण शिविर

बलिया(राष्ट्र क़ी परम्परा )

आयकर विभाग, बलिया द्वारा वित्त मंत्रालय की’प्रारम्भ-2026′ पहल के अंतर्गत शुक्रवार को विकास भवन सभागार में नवीन आयकर अधिनियम-2025 एवं आयकर नियम-2026 पर एक जागरूकता संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य करदाताओं, सरकारी अधिकारियों, कर सलाहकारों तथा अन्य हितधारकों को नए प्रावधानों की जानकारी देना और स्वैच्छिक कर अनुपालन को बढ़ावा देना रहा। संगोष्ठी में विशेष रूप से स्रोत पर कर कटौती (TDS) से संबंधित नियमों एवं उनके व्यावहारिक अनुपालन पर विस्तार से चर्चा की गई।कार्यक्रम का आयोजन मुख्य आयकर आयुक्त, प्रयागराज मीनाक्षी सिंह तथा प्रधान आयकर आयुक्त, प्रयागराज मानस मेहरोत्रा के मार्गदर्शन में किया गया। मुख्य अतिथि संयुक्त आयकर आयुक्त, परिक्षेत्र-1 वाराणसी श्रीमती अमनदीप कौर ने अपने संबोधन में कहा कि नवीन आयकर अधिनियम-2025 के प्रावधानों का गहन अध्ययन कर उनका समयबद्ध एवं सही अनुपालन करना प्रत्येक करदाता और विभागीय हितधारक की जिम्मेदारी है। उन्होंने पारदर्शी कर व्यवस्था को मजबूत बनाने में सभी से सक्रिय सहयोग की अपील की। आयकर अधिकारी, बलिया प्रवीन गिरी ने नवीन आयकर अधिनियम-2025 एवं आयकर नियम-2026 के प्रमुख प्रावधानों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने विशेष रूप से टीडीएस से जुड़े नियमों, कर कटौती की प्रक्रिया तथा व्यावहारिक पहलुओं को सरल भाषा में समझाते हुए प्रतिभागियों से अपने कर संबंधी दायित्वों का ईमानदारी एवं पारदर्शिता के साथ निर्वहन करने का आग्रह किया। कार्यक्रम का संचालन आयकर निरीक्षक अनमोल पाठक ने किया। संगोष्ठी में आयकर अधिकारी वाराणसी धनंजय तिवारी, आयकर अधिकारी गाजीपुर विपिन सिंह, वरिष्ठ कोषाधिकारी आनंद दुबे, सीओ सीटी सतीश कुमार शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। इसके अलावा विभिन्न सरकारी विभागों के आहरण एवं वितरण अधिकारी (DDOs), चार्टर्ड अकाउंटेंट, टैक्स बार के सदस्य, व्यापार मंडल के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में करदाता भी कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों द्वारा पूछे गए प्रश्नों एवं शंकाओं का समाधान आयकर विभाग के अधिकारियों किशन प्रकाश, आकाश यादव, उपेंद्र तिवारी, शिवम, नीरज तथा अरुण ने किया। अंत में आयकर विभाग ने नवीन आयकर अधिनियम-2025 एवं आयकर नियम-2026 के व्यापक प्रचार-प्रसार तथा स्वैच्छिक कर अनुपालन को बढ़ावा देने में सभी हितधारकों से सहयोग की अपील की। आयकर अधिकारी प्रवीन गिरी ने बताया कि 15 जुलाई से 31 जुलाई 2026 तक आयकर कार्यालय, बलिया में शिकायत निवारण शिविर आयोजित किया जाएगा, जहां करदाता अपनी आयकर संबंधी शिकायतों का समाधान प्राप्त कर सकेंगे।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments