लखनऊ/संत कबीर नगर (राष्ट्र की परम्परा)। उत्तर प्रदेश वन एवं वन्यजीव विभाग के हरित सारथी नवनीत मिश्र ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। भारतीय संस्कृति में प्रकृति और वृक्षों को सदैव पूजनीय माना गया है। यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी नियमित देखभाल का संकल्प ले, तो उत्तर प्रदेश को अधिक हरित, स्वच्छ और पर्यावरण संतुलित बनाया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि बढ़ते जलवायु परिवर्तन, ग्लोबल वार्मिंग और प्रदूषण जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए व्यापक स्तर पर पौधारोपण और पौधों का संरक्षण समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें वृक्ष बनने तक सुरक्षित रखना भी हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है।
हरित सारथी नवनीत मिश्र ने कहा कि उत्तर प्रदेश वन एवं वन्यजीव विभाग द्वारा संचालित हरित अभियानों में विद्यार्थियों, युवाओं, स्वयंसेवी संस्थाओं, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी उत्साहजनक है। जनसहभागिता के माध्यम से ही पर्यावरण संरक्षण का उद्देश्य सफल होगा और आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण मिल सकेगा।
उन्होंने गणमान्य नागरिकों से अपील की कि अपने जन्मदिन, विवाह वर्षगांठ, पारिवारिक आयोजनों तथा अन्य विशेष अवसरों पर पौधारोपण को परंपरा बनाएं। घर, विद्यालय, कार्यालय, गांव और सार्वजनिक स्थलों पर लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल कर उन्हें वृक्ष बनने तक संरक्षित रखें। यही सच्ची पर्यावरण सेवा और भावी पीढ़ियों के प्रति हमारी जिम्मेदारी है।
