सीने और पेट पर किए कई वार, इलाज के दौरान मेडिकल कॉलेज में मौत; चार लोग हिरासत में
गोरखपुर (राष्ट्र की परम्परा)। जिले के गीडा थाना क्षेत्र में रविवार देर रात एक युवक की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। प्रारंभिक जांच में घटना के पीछे अवैध संबंध को लेकर विवाद की बात सामने आई है। पुलिस के अनुसार, मृतक के चचेरे भाई ने कथित तौर पर पहले से साजिश रचकर अपने साथियों के साथ वारदात को अंजाम दिया।
मृतक की पहचान विजय पाल (28) निवासी बनगावां, थाना गीडा के रूप में हुई है। विजय के पिता कृष्ण कुमार पूर्व ग्राम प्रधान रह चुके हैं। विजय दो भाइयों में बड़ा था और दोनों भाई बेंगलुरु में पेंट-पॉलिश का काम करते थे। वह करीब छह दिन पहले ही गांव लौटा था।
जानकारी के अनुसार, रविवार रात करीब एक बजे चचेरा भाई विनय उसे घर से लगभग 500 मीटर दूर स्थित एक ईंट भट्ठे पर ले गया। वहां पहले से कुछ अन्य युवक मौजूद थे। आरोप है कि विजय को शराब पिलाने के बाद नशे की हालत में उस पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला किया गया। हमलावरों ने उसके सीने और पेट पर कई वार किए और उसे मृत समझकर मौके से फरार हो गए।
गंभीर रूप से घायल विजय किसी तरह गांव पहुंचा और परिजनों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद उसे तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर बीआरडी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान सोमवार तड़के उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में मुख्य आरोपी विनय समेत चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
क्षेत्राधिकारी गीडा योगेंद्र सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में अवैध संबंध को लेकर विवाद की बात सामने आई है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।
