शाहजहांपुर (राष्ट्र की परम्परा)। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग महोत्सव-2026 के अंतर्गत सोमवार को शहीद संग्रहालय परिसर में “योगा फॉर हेल्दी एजिंग” विषय पर आयोजित योग सप्ताह का शुभारंभ जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने भगवान धनवंतरि के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। जिला प्रशासन एवं आयुष विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने सहभागिता कर योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य तक सीमित नहीं है, बल्कि यह मानसिक शांति, आत्मिक संतुलन और सकारात्मक जीवनशैली का महत्वपूर्ण आधार है। उन्होंने कहा कि नियमित योग अभ्यास व्यक्ति को स्वस्थ, ऊर्जावान और दीर्घायु जीवन प्रदान करता है।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी उत्कर्ष द्विवेदी, नगर आयुक्त सौम्या गुरुरानी, कैंट बोर्ड अध्यक्ष अवधेश दीक्षित सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। योग प्रशिक्षकों ने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम की विधियों की जानकारी देते हुए उनके स्वास्थ्य लाभों के बारे में बताया।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने आमजन से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की। योग सप्ताह के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने तथा योग के प्रति लोगों को प्रेरित करने का प्रयास किया जा रहा है।
