नकलविहीन एवं पारदर्शी परीक्षा संपन्न कराने के लिए सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
संत कबीर नगर (राष्ट्र की परम्परा)। उत्तर प्रदेश पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा-2025 को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी आलोक कुमार एवं पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने शनिवार को विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया।
अधिकारियों ने मौलाना अब्दुल कलाम इंटर कॉलेज, पीएमश्री राजकीय इंटर कॉलेज तथा हीरालाल पीजी कॉलेज खलीलाबाद में व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, अभ्यर्थियों के प्रवेश एवं निकास, बैरिकेडिंग, सीसीटीवी निगरानी तथा अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी श्री कुमार ने परीक्षा केंद्रों के आसपास सुरक्षा के कड़े इंतजाम सुनिश्चित करने तथा संदिग्ध गतिविधियों पर सतर्क नजर रखने के निर्देश दिए। उन्होंने अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए पेयजल, शौचालय, प्रकाश और बैठने की व्यवस्था का भी निरीक्षण किया।
डीएम एवं एसपी ने ड्यूटी में तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा को पूरी तरह नकलविहीन एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा अफवाह फैलाने या परीक्षा की शुचिता भंग करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान क्षेत्राधिकारी खलीलाबाद प्रियम राजशेखर पाण्डेय, प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश पाण्डेय, केंद्र व्यवस्थापक तथा अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
