संत कबीर नगर (राष्ट्र की परम्परा)। पूर्वी उत्तर प्रदेश में मौसम ने खतरनाक रूप ले लिया है। मौसम विभाग ने संत कबीर नगर समेत कई जिलों के लिए भीषण आंधी, भारी बारिश और ओलावृष्टि का रेड अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों में 80 से 90 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जबकि कुछ स्थानों पर हवा के झोंके 100 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंचने की संभावना है।
मौसम विभाग की चेतावनी के अनुसार संत कबीर नगर, गोरखपुर, बस्ती, देवरिया, कुशीनगर, महाराजगंज, बलरामपुर, गोंडा, श्रावस्ती, मऊ, बलिया और बहराइच जिलों में मौसम का व्यापक असर देखने को मिल सकता है। कई क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ भारी बारिश और ओलावृष्टि की आशंका जताई गई है।

प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान घरों में सुरक्षित रहने की अपील की है। पेड़ों, बिजली के खंभों और जर्जर भवनों से दूर रहने की सलाह दी गई है। किसानों को फसलों और पशुओं को सुरक्षित स्थानों पर रखने के निर्देश दिए गए हैं।
आपदा प्रबंधन टीमों को अलर्ट मोड पर रखा गया है और संबंधित विभागों को किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा गया है। मौसम विभाग ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने की अपील की है।
