Saturday, May 9, 2026
HomeNewsbeatअटल बिहारी बाजपेयी प्रेक्षागृह में मनाई गई महाराणा प्रताप की 486वीं जयंती

अटल बिहारी बाजपेयी प्रेक्षागृह में मनाई गई महाराणा प्रताप की 486वीं जयंती

ओमनी इंटरनेशनल स्कूल के विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने बांधा समां,

वक्ताओं ने महाराणा प्रताप के आदर्शों को बताया प्रेरणास्रोत

बस्ती(राष्ट्र की परम्परा)l मां भारती के वीर सपूत एवं वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप जयंती के पावन अवसर पर भारत रत्न अटल बिहारी बाजपेयी प्रेक्षागृह में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सांसद जगदंबिका पाल रहे। वहीं विशेष रूप से कर्मा देवी ग्रुप के चेयरमैन (सेवानिवृत्त आईएएस) ओ.एन. सिंह की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं महाराणा प्रताप के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया गया।
इस अवसर पर ओमनी इंटरनेशनल स्कूल के छात्र-छात्राओं द्वारा देशभक्ति एवं वीरता से ओतप्रोत आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी गईं, जिन्होंने उपस्थित दर्शकों को भावविभोर कर दिया। विद्यार्थियों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से महाराणा प्रताप के साहस, त्याग और राष्ट्रभक्ति को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया।
मुख्य अतिथि सांसद जगदंबिका पाल ने अपने संबोधन में कहा कि महाराणा प्रताप का जीवन साहस, स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति की अद्भुत मिसाल है। उन्होंने युवाओं से उनके आदर्शों को अपनाकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
वहीं कर्मा देवी ग्रुप के चेयरमैन ओ.एन. सिंह ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन नई पीढ़ी को देश के गौरवशाली इतिहास और महान वीरों के संघर्ष से परिचित कराते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम संयोजक पूर्व ब्लाक प्रमुख कृष्ण चन्द्र सिंह ने कहा कि महाराणा प्रताप केवल एक वीर योद्धा ही नहीं, बल्कि राष्ट्रभक्ति, स्वाभिमान और त्याग के प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं को अपने गौरवशाली इतिहास से जोड़ने और उनमें राष्ट्रप्रेम की भावना जागृत करने का कार्य करते हैं। अन्य वक्ताओं ने हल्दीघाटी के युद्ध को स्वाभिमान, साहस और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक बताते हुए महाराणा प्रताप के संघर्षों को प्रेरणादायी बताया।
कार्यक्रम के दौरान अन्य प्रतिभागियों द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति गीतों ने वातावरण को राष्ट्रप्रेम से ओतप्रोत कर दिया। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं गणमान्य नागरिकों की सहभागिता रही।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments