Saturday, May 9, 2026
Homeउत्तर प्रदेशमऊ में खनन माफियाओं पर प्रशासन सख्त, संयुक्त बैठक में अवैध खनन...

मऊ में खनन माफियाओं पर प्रशासन सख्त, संयुक्त बैठक में अवैध खनन रोकने की बनी रणनीति

मऊ (राष्ट्र की परम्परा)। मऊ जिले की मधुबन तहसील सभागार में अवैध खनन पर रोक लगाने को लेकर राजस्व एवं पुलिस प्रशासन की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपजिलाधिकारी सत्यप्रकाश ने की, जिसमें खनन माफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की रणनीति तैयार की गई।

बैठक में प्रशासन ने स्पष्ट किया कि शासन की गाइडलाइन के विपरीत किसी भी प्रकार का अवैध खनन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अधिकारियों ने कहा कि गेहूं की कटाई के बाद क्षेत्र में खनन माफिया सक्रिय हो गए हैं और प्रशासनिक कार्रवाई के बावजूद अवैध खनन का कारोबार जारी है।

जिलाधिकारी आनन्द वर्धन ने शासन के निर्देशों का उल्लंघन कर खनन करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मानकों के विपरीत अवैध खनन पाया गया तो संबंधित स्थानीय प्रशासन की जवाबदेही तय की जाएगी।

बैठक को संबोधित करते हुए एसडीएम सत्यप्रकाश ने सभी लेखपालों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने हल्का क्षेत्रों में व्यावसायिक रूप से खनन करने वालों की पहचान कर रिपोर्ट प्रस्तुत करें। उन्होंने कहा कि इस कार्य में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

वहीं क्षेत्राधिकारी अंजनी कुमार पाण्डेय ने कहा कि विभागीय कमियों के चलते खनन माफिया सक्रिय हैं। उन्होंने बताया कि अवैध रूप से चल रही ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के कारण सड़क हादसे भी बढ़ रहे हैं। ऐसे में शासन की गाइडलाइन के अनुसार सख्त कार्रवाई जरूरी है।

बैठक में नायब तहसीलदार गौरव प्रताप सिंह, प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार सिंह, एसओ रोहन कुमार, कानूनगो प्रभाकर उपाध्याय, मंगलेश्वर मौर्य और शरद यादव सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments