खलीलाबाद में साइकिल यात्रा का भव्य स्वागत
संत कबीर नगर (राष्ट्र की परम्परा)। ‘जल ही जीवन है’ और ‘फिट इंडिया’ के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से गोरखपुर से निकली साइकिल यात्रा का जिला मुख्यालय खलीलाबाद में भव्य स्वागत किया गया। मॉर्निंग साइकिल क्लब गोरखपुर द्वारा आयोजित इस यात्रा में 12 साइकिल यात्री शामिल रहे, जिन्होंने पूरे मार्ग में लोगों को जल संरक्षण और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक किया।
रविवार सुबह गोरखपुर से रवाना हुई यात्रा के खलीलाबाद पहुंचने पर स्थानीय नागरिकों और समाजसेवियों ने फूल-मालाओं के साथ जोरदार स्वागत किया। यात्रा दल में शामिल राजवीर सिंह, पंकज श्रीवास्तव, अरुण बाथवाल, राजन श्रीवास्तव और विक्रम श्रीवास्तव ने बताया कि साइकिलिंग पर्यावरण के अनुकूल होने के साथ-साथ फिट रहने का सरल और प्रभावी माध्यम है। बढ़ते जल संकट को देखते हुए ‘जल ही जीवन है’ का संदेश व्यापक स्तर पर पहुंचाना इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य रहा।
यात्री दल का स्वागत प्रमुख रूप से समाजसेवी और व्यापारी सुशील छापड़िया, सुनील छापड़िया, मयंक छापड़िया और गजपुर के ग्राम प्रधान सुधीर सिंह सहित अन्य लोगों ने किया, जिन्होंने इस पहल की सराहना की।
