भागलपुर/देवरिया (राष्ट्र की परम्परा)। देवरिया जिले के भागलपुर क्षेत्र में रविवार सुबह एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। खेत में काम करने गई महिला का शव अचेत अवस्था में मिलने से ग्रामीणों में आक्रोश और भय का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतका सजमा खातून अपने पति रहादत और बेटे साहिल के साथ नदी किनारे स्थित खेत में सब्जी तोड़ने गई थी। सब्जी तोड़ने के बाद पति बाजार चले गए, जबकि महिला खेत पर ही रुक गई। बेटे साहिल के अनुसार, वह बकरी चराने चला गया था और शाम करीब 4:30 बजे लौटने पर मां को आवाज देने पर कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली।
खोजबीन के दौरान महिला झोपड़ी के पास अचेत अवस्था में मिली, उसके कपड़े अस्त-व्यस्त थे, जिससे घटना संदिग्ध लग रही है। परिजनों की मदद से महिला को तत्काल भागलपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
ये भी पढ़े – बिहार में मासूम सुरक्षित नहीं! स्कूल हॉस्टल बना मौत का अड्डा
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण अस्पताल पहुंच गए और तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पति और बेटे के बयान दर्ज किए हैं और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
ग्रामीणों के अनुसार, नदी किनारे के खेतों में अक्सर बाहरी लोगों का आना-जाना रहता है, जिससे विवाद की आशंका बनी रहती है। पुलिस इस पहलू को भी जांच में शामिल कर रही है।
मृतका अपने पीछे दो बेटे और तीन बेटियां छोड़ गई हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर बताई जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।
ये भी पढ़े – US-Iran Ceasefire: 45 दिन के युद्धविराम की चर्चा तेज, ट्रंप की धमकी के बाद बड़ा कूटनीतिक मोड़
