Tuesday, March 31, 2026
HomeNewsbeatपाण्डेय हत्याकांड को लेकर थाने पर हंगामा, परिजनों ने पुलिस पर लगाए...

पाण्डेय हत्याकांड को लेकर थाने पर हंगामा, परिजनों ने पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप


बलिया(राष्ट्र की परम्परा)
पुलीस रेवती कस्बा निवासी श्रीराम पाण्डेय हत्याकांड को लेकर मंगलवार को थाना परिसर में उस समय माहौल गरमा गया, जब मृतक के परिजन बड़ी संख्या में वहां पहुंच गए। परिजनों ने पुलिस पर कथित रूप से दो आरोपियों को थाने से छोड़ने का आरोप लगाया और जमकर नाराजगी जताई।स्थिति की गंभीरता को देखते हुए थानाध्यक्ष अनुपम जायसवाल मौके पर पहुंचे, लेकिन उन्होंने संक्षिप्त बातचीत के बाद जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया और वहां से चले गए। इससे परिजनों का आक्रोश और बढ़ गया।मृतक के बेटे अर्जुन, बेटी ममता और भतीजे योगेश सहित आधा दर्जन से अधिक लोग सपा नेता अमित पाण्डेय और अंगद मिश्र फौजी के साथ थाने पहुंचे। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस ने पहले भृगुनाथ और उसके दो बेटों को गिरफ्तार किया था, जिसकी पुष्टि पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के बयान में भी हुई थी। इसके बावजूद राजनीतिक दबाव में आकर पुलिस ने दो आरोपियों को छोड़ दिया और केवल एक को जेल भेजा।
मृतक के भतीजे योगेश, जो इस मामले के वादी भी हैं, ने बताया कि घटना के बाद उन्होंने घायल श्रीराम पाण्डेय से बातचीत की थी, जिसमें उन्होंने भृगुनाथ, मारकण्डेय और ओमप्रकाश का नाम लिया था। उसी आधार पर नामजद तहरीर दी गई। योगेश ने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस ने रविवार को उनसे जबरन हस्ताक्षर कराने का दबाव बनाया, जिसे उन्होंने अस्वीकार कर दिया।
परिजनों का कहना है कि आरोपी पक्ष का घर मृतक के घर के पास ही है और वे लगातार धमकी दे रहे हैं, जिससे परिवार में भय का माहौल है। सपा नेता अमित पाण्डेय और अंगद मिश्र ने चेतावनी दी कि यदि चार दिनों के भीतर सभी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई, तो वे थाने पर धरना-प्रदर्शन करेंगे।घटना के संबंध में बताया जा रहा कि मक्का के पौधे तोड़ने को लेकर विवाद शुरू हुआ था। आरोप है कि भृगुनाथ ने पहले मृतक की भाभी रेखा को धमकी दी थी। इसके बाद शुक्रवार रात श्रीराम पाण्डेय को पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। शनिवार सुबह कराहने की आवाज सुनकर लोग पहुंचे और उन्हें अस्पताल ले जाने की तैयारी कर ही रहे थे कि उनकी मृत्यु हो गई।
इस मामले में क्षेत्राधिकारी बैरिया फहीम कुरैशी ने बताया कि जांच में एक आरोपी दोषी पाया गया है, जबकि अन्य के खिलाफ जांच जारी है। यदि वे भी दोषी पाए जाते हैं, तो उनकी गिरफ्तारी की जाएगी।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments