लार/देवरिया(राष्ट्र की परम्परा)लार क्षेत्र के पिंडी में भारतीय जनता पार्टी के निवर्तमान मण्डल अध्यक्ष बृजेश धर दूबे के सफल कार्यकाल पूर्ण होने पर भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद राज्यमंत्री विजयलक्ष्मी गौतम ने बृजेश धर दूबे के कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि उनका नेतृत्व संगठन के लिए अत्यंत प्रभावशाली रहा। उन्होंने अटूट निष्ठा, जमीनी मेहनत और कुशल प्रबंधन के माध्यम से पार्टी को नई मजबूती प्रदान की। मंत्री ने कहा कि उन्होंने भाजपा की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने और प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री के विजन को धरातल पर उतारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जिसके परिणामस्वरूप पार्टी का जनाधार लगातार बढ़ा।
इस अवसर पर बृजेश धर दूबे ने मण्डल के सभी कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता ही संगठन की वास्तविक शक्ति हैं, जिनके अनुशासन, परिश्रम और वैचारिक प्रतिबद्धता से पार्टी विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक संगठन बनी है। उन्होंने कहा कि भाजपा सत्ता से ऊपर उठकर राष्ट्रवाद और सेवा की भावना को सर्वोपरि मानती है।
कार्यक्रम के दौरान बृजेश धर दूबे ने नवनियुक्त मण्डल अध्यक्ष राजीव वर्मा का अंगवस्त्र पहनाकर स्वागत किया और उन्हें औपचारिक रूप से दायित्व सौंपा। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि जिस समर्पण और निष्ठा से उन्होंने अब तक संगठन को मजबूत किया है, उसी भावना के साथ नए मण्डल अध्यक्ष के नेतृत्व में भी कार्य करते रहें।
समारोह का समापन संगठन की एकजुटता और आगामी योजनाओं के संकल्प के साथ हुआ।
