Friday, February 13, 2026
HomeNewsbeatस्कूल में सेंधमारी, तीन कमरों के ताले टूटे

स्कूल में सेंधमारी, तीन कमरों के ताले टूटे

महराजगंज (राष्ट्र की परम्परा)। बागापार क्षेत्र के थाना चौक अंतर्गत पूर्व माध्यमिक विद्यालय झुगवां कम्पोजिट में 11/12 फरवरी की रात अज्ञात चोरों ने बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने विद्यालय के तीन कमरों के ताले काटकर मध्यान्ह भोजन का खाद्यान्न, साउंड सिस्टम, रसोई के बर्तन और अन्य शैक्षणिक सामग्री चोरी कर ली।

12 फरवरी की सुबह जब विद्यालय खुला तो स्टाफ ने कमरों के टूटे ताले और अंदर से गायब सामान देखा। सूचना मिलते ही विद्यालय परिसर में हड़कंप मच गया। प्राथमिक और उच्च प्राथमिक संवर्ग के कुल तीन कमरों को निशाना बनाया गया। चोर पहले ताले काटकर अंदर घुसे और व्यवस्थित तरीके से सामान समेट ले गए।

मध्यान्ह भोजन योजना के लिए रखा खाद्यान्न भी नहीं छोड़ा गया। विद्यालय का साउंड सिस्टम, जिसमें दो स्पीकर शामिल थे, रसोई के बर्तन तथा अन्य इलेक्ट्रॉनिक और शैक्षणिक उपकरण भी गायब पाए गए। घटना से विद्यालय को आर्थिक क्षति के साथ-साथ पठन-पाठन व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका है। मध्यान्ह भोजन योजना पर भी असर पड़ सकता है।

घटना की जानकारी ग्राम प्रधान प्रतिनिधि दीनानाथ गुप्ता को दी गई, जिन्होंने पुलिस को सूचित किया। प्रधानाध्यापक राकेश वर्मा ने थाना चौक में अज्ञात चोरों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।

सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। हल्का दरोगा शिवम सिंह के अनुसार तहरीर प्राप्त हो चुकी है और मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। ग्रामीणों ने शिक्षा संस्थान में हुई चोरी पर चिंता जताते हुए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments