शाहजहांपुर (राष्ट्र की परम्परा )l थाना गढ़िया रंगीन में बुधवार को आगामी त्योहारों के मद्देनज़र शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, ग्राम प्रधानों एवं जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया। इस अवसर पर सी ओ तिलहर ज्योति यादव द्वारा उपस्थित लोगों को जानकारी दी गई और उनसे आगामी त्योहारों—होली, महाशिवरात्रि एवं रमजान—के दौरान किसी भी प्रकार की समस्या या असुविधा के बारे में खुलकर बताने का आग्रह किया गया। उन्होंने आश्वस्त किया कि यदि किसी को कोई दिक्कत होती है तो वह सीधे उनसे या प्रशासन से संपर्क कर सकता है, समस्या का तत्काल समाधान किया जाएगा।
बैठक में थाना प्रभारी निरीक्षक हरकेश सिंह ने सभी से आपसी भाईचारा, सौहार्द और शांति बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि त्योहारों को मिल-जुलकर शांतिपूर्ण ढंग से मनाना हम सभी की जिम्मेदारी है। बैठक में थाना स्टाफ भी मौजूद रहा और सुरक्षा व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
