Sunday, April 12, 2026
HomeUncategorizedपुलिस ने चार आरोपियों को दबोचा, जांच जारी

पुलिस ने चार आरोपियों को दबोचा, जांच जारी

बक्सर में 35 साल पुराना जमीन विवाद बना खूनी संघर्ष, किसान की गोली मारकर हत्या, चार गंभीर

पटना /बक्सर (राष्ट्र की परम्परा डेस्क)बिहार के बक्सर जिले से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जहां 35 वर्षों से चले आ रहे जमीन विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। सिकरौल थाना क्षेत्र के भखवां गांव में दिनदहाड़े हुई गोलीबारी में किसान संजय चौबे की मौत हो गई, जबकि एक ही परिवार के चार सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। इस सनसनीखेज घटना से पूरे गांव में दहशत का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, भखवां गांव निवासी संजय चौबे (45) का अपने पट्टिदार कन्हैया चौबे के साथ करीब 12 बीघा जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। कोर्ट द्वारा जमीन का फैसला संजय चौबे के पक्ष में आने के बावजूद आरोपी पक्ष ने कथित तौर पर जमीन पर कब्जा बनाए रखा और बटाई पर खेती करवाई। बुधवार को जब आरोपी पक्ष जबरन धान की फसल काटने पहुंचा और संजय चौबे ने प्रशासन की मौजूदगी में ही फसल काटने की बात कही, तो विवाद उग्र हो गया।

ये भी पढ़ें – हाईकोर्ट के आदेश पर एमसीडी की बड़ी कार्रवाई, 36 हजार वर्ग फुट जमीन कराई खाली

आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर दबंगों ने लाठी-डंडों से हमला किया और फिर गोलीबारी कर दी। गोली लगने से संजय चौबे की मौके पर ही मौत हो गई। हमले में उनके भाई धनंजय चौबे सहित चार अन्य परिजन गंभीर रूप से जख्मी हो गए। सभी घायलों को पहले सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत नाजुक होने पर उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। थानाध्यक्ष अंकुश कुमार मंडल के साथ पुलिस बल मौके पर पहुंचा। एसपी शुभम आर्य और एसडीपीओ पोलस्त कुमार ने भी गांव पहुंचकर हालात का जायजा लिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

ये भी पढ़ें – कानपुर में युवती का स्कॉर्पियो से अपहरण कर गैंगरेप, आरोपियों में पुलिसकर्मी होने का दावा

परिजनों ने पुलिस पर समय रहते न पहुंचने का आरोप लगाया है। हालांकि पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments