
दुर्गा पूजा पंडाल में मां दुर्गा के साथ शिव-पार्वती और राधा-कृष्ण के होंगे दर्शन
महराजगंज (राष्ट्र की परम्परा)। सिसवा कस्बे में इस बार दुर्गा पूजा महोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं को वृंदावन के प्रसिद्ध प्रेम मंदिर की झलक देखने को मिलेगी। श्री बाल दुर्गा पूजा सेवा समिति की ओर से रेलवे स्टेशन रोड पर प्रेम मंदिर की प्रतिकृति पर आधारित भव्य पंडाल का निर्माण कराया जा रहा है। निर्माण कार्य अंतिम चरण में है। पंडाल में मां दुर्गा की भव्य प्रतिमा के साथ भगवान शिव-पार्वती और राधा-कृष्ण की आकर्षक झांकियां सजाई जाएंगी। आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह है।पंडाल को तीन तलों में तैयार किया जा रहा है। प्रवेश करते ही श्रद्धालुओं को श्रीलक्ष्मी-गणेश और मां दुर्गा की भव्य प्रतिमा के दर्शन होंगे। दूसरे तल पर कैलाश पर्वत की आकर्षक सजावट के बीच भगवान शिव और माता पार्वती की झांकी सजाई जाएगी। इसके बाद गुफा के रास्ते अगले तल पर पहुंचने पर श्रद्धालुओं को वृंदावन के प्रेम मंदिर की तर्ज पर राधा-कृष्ण की मनमोहक झांकी देखने को मिलेगी। धार्मिक प्रसंगों को कलात्मक ढंग से प्रस्तुत करने की तैयारी की जा रही है, ताकि श्रद्धालुओं को एक ही परिसर में विभिन्न देवी-देवताओं के दर्शन का अवसर मिल सके।
1995 में हुई थी समिति की स्थापना
श्री बाल दुर्गा पूजा सेवा समिति की स्थापना वर्ष 1995 में हुई थी। समिति वर्षों से दुर्गा पूजा महोत्सव के माध्यम से धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक जागरूकता का संदेश भी देती रही है। पूर्व के आयोजनों में बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ सहित विभिन्न सामाजिक विषयों को प्रमुखता से प्रस्तुत किया गया। इस बार समिति ने वृंदावन की धार्मिक विरासत को पंडाल के माध्यम से जीवंत करने का प्रयास किया है।समिति के अध्यक्ष गंगासागर जायसवाल और संयोजक रोशन मद्धेशिया ने बताया कि पंडाल को भव्य और आकर्षक स्वरूप देने के लिए विशेष तैयारियां की जा रही हैं। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद श्रद्धालुओं को भव्य धार्मिक झांकियों के दर्शन का अवसर मिलेगा।
दो माह से चल रहा निर्माण कार्य
पंडाल निर्माता राकेश प्रजापति के अनुसार, पंडाल का निर्माण पिछले दो माह से किया जा रहा है। इसके निर्माण में लगभग एक हजार बांस, एक क्विंटल कांटी, रस्सी और लकड़ी के बीट का इस्तेमाल किया गया है। पंडाल की संरचना इस तरह तैयार की जा रही है कि तीनों तलों पर सजाई जाने वाली धार्मिक झांकियां श्रद्धालुओं को आकर्षित कर सकें।सिसवा में दुर्गा पूजा महोत्सव की अपनी अलग पहचान है। इस बार प्रेम मंदिर की प्रतिकृति, कैलाश पर्वत की झांकी और राधा-कृष्ण के दर्शन आयोजन का प्रमुख आकर्षण बनने की उम्मीद है। पंडाल का निर्माण अंतिम चरण में पहुंचने के साथ ही आयोजन स्थल को अंतिम रूप देने की तैयारियां तेज हो गई हैं। समिति को उम्मीद है कि यह पंडाल महराजगंज के साथ पड़ोसी प्रदेश बिहार और मित्र राष्ट्र नेपाल से आने वाले श्रद्धालुओं को भी आकर्षित करेगा।
