गंभीर घायल युवक बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर, परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से किया इनकार

महराजगंज (राष्ट्र की परम्परा)। श्यामदेउरवां थाना क्षेत्र के नटवा जंगल में बुधवार सुबह सड़क पर अचानक कुत्ता आ जाने से बाइक हादसे का शिकार हो गई। कुत्ते को बचाने के प्रयास में बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। हादसे में बाइक सवार 16 वर्षीय किशोर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल एक युवक को प्राथमिक उपचार के बाद बीआरडी मेडिकल कॉलेज, गोरखपुर रेफर कर दिया गया। किशोर की मौत से परिवार में कोहराम मच गया।जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह करीब नौ बजे तीन युवक बाइक से नटवा जंगल के पास से गुजर रहे थे। इसी दौरान अचानक एक कुत्ता सड़क पर आ गया। उसे बचाने के प्रयास में बाइक चालक संतुलन खो बैठा और बाइक सड़क पर गिर गई। हादसे में धर्मेंद्र के 16 वर्षीय पुत्र किशन की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, बाइक पर सवार गोरखनाथ के पुत्र जितेंद्र और धर्मेंद्र के पुत्र सागर घायल हो गए।घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने घायलों की मदद की। सागर को हल्की चोटें आईं, जबकि जितेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया। उसकी हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए उसे बीआरडी मेडिकल कॉलेज, गोरखपुर रेफर कर दिया।हादसे की सूचना मिलने पर श्यामदेउरवां थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। किशन की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। किशोर की असमय मौत से गांव में भी शोक का माहौल है।परिजनों ने किशन के शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। थानाध्यक्ष महेंद्र कुमार मिश्र ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। घटना के बाद से मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है।