जिप लाइन से रेन डांस तक: दो दिन तक स्कूल कैंपस में गूंजती रही बच्चों की खिलखिलाहट
संत कबीर नगर (राष्ट्र की परम्परा)। जिले के प्रतिष्ठित ब्लूमिंग बड्स स्कूल, खलीलाबाद में आयोजित दो दिवसीय समर कैंप का उत्साह और उमंग के साथ समापन हुआ। गर्मी की छुट्टियों को यादगार बनाने के लिए आयोजित इस कैंप में कक्षा 6 से 8 तक के विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और मनोरंजन के साथ कई नई चीजें सीखीं।
समर कैंप में बच्चों के लिए एडवेंचर, मनोरंजन और रचनात्मक गतिविधियों का विशेष आयोजन किया गया था। विद्यार्थियों ने जिप लाइन, सूमो फाइट, कमांडो क्लाइंब और बीम ब्रिज जैसी रोमांचक गतिविधियों में हिस्सा लेकर साहस और आत्मविश्वास का परिचय दिया। वहीं वॉटर रोलर, रेन डांस और पूल पार्टी बच्चों के लिए आकर्षण का केंद्र रहे, जहां उन्होंने दोस्तों के साथ जमकर मस्ती की।
कैंप के दौरान आयोजित पॉटरी आर्ट, टैटू मेकिंग और क्रिएटिव एक्टिविटी सेशन में बच्चों ने अपनी कला और कल्पनाशीलता का शानदार प्रदर्शन किया। इसके अलावा मैजिक शो, पॉपेट शो और कार्टून कैरेक्टर प्रस्तुति ने बच्चों का भरपूर मनोरंजन किया। पूरे कैंपस में दो दिनों तक उत्साह, हंसी और उमंग का माहौल बना रहा।
विद्यालय की प्रबंध निदेशिका पुष्पा चतुर्वेदी ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा केवल किताबों तक सीमित नहीं है, बल्कि बच्चों के व्यक्तित्व विकास, आत्मविश्वास और टीम वर्क को बढ़ाने वाली गतिविधियां भी उतनी ही जरूरी हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों को नई ऊर्जा और सकारात्मक सोच प्रदान करते हैं।
संस्थान के अध्यक्ष विनय कुमार चतुर्वेदी ने कहा कि आज के समय में बच्चों के लिए पढ़ाई के साथ-साथ व्यवहारिक ज्ञान और मानसिक विकास भी बेहद जरूरी है। समर कैंप जैसे आयोजन बच्चों को नई सोच, नेतृत्व क्षमता और आत्मविश्वास विकसित करने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि विद्यालय हमेशा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए नवाचारपूर्ण गतिविधियों को बढ़ावा देता रहेगा।
विद्यालय के प्रधानाचार्य शैलेश त्रिपाठी ने कहा कि समर कैंप का उद्देश्य बच्चों को पढ़ाई के साथ रचनात्मक और व्यवहारिक गतिविधियों से जोड़ना है। उन्होंने बताया कि बच्चों ने हर गतिविधि में पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ भाग लिया, जो उनके सर्वांगीण विकास का सकारात्मक संकेत है।
समापन अवसर पर विद्यालय परिवार ने बच्चों का उत्साहवर्धन किया और सफल आयोजन के लिए सभी शिक्षकों व सहयोगी स्टाफ की सराहना की। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं अभिभावक भी उपस्थित रहे।
