
निःशुल्क मेहंदी शिविर में उमड़ी माताओं-बहनों की भीड़, छात्राओं ने हुनर से सजाए हाथ
महराजगंज (राष्ट्र की परम्परा)। तीज पर्व की उमंग और सनातन संस्कृति की खुशबू रविवार को सरस्वती शिशु मंदिर में देखने को मिली। सेवा भारती के तत्वावधान में आयोजित निःशुल्क मेहंदी शिविर में नगर की बड़ी संख्या में माताओं और बहनों ने उत्साह के साथ भाग लिया। सरस्वती शिशु मंदिर की प्रशिक्षित छात्राओं ने अपने हुनर से महिलाओं के हाथों पर आकर्षक मेहंदी रचाई। देखते ही देखते शिविर स्थल पारंपरिक उल्लास और तीज की उमंग से सराबोर हो गया। महिलाओं के लिए निःशुल्क मेहंदी की सुविधा उपलब्ध कराने की पहल को लोगों ने सेवा और संस्कृति के संगम के रूप में सराहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि विधायक ऋषि त्रिपाठी ने दीप प्रज्वलित कर किया। उन्होंने कहा कि तीज पर्व भारतीय सनातन संस्कृति में सुहाग, आस्था, उमंग और खुशियों का प्रतीक है। पर्व के अवसर पर सेवा भारती की ओर से माताओं और बहनों के लिए निःशुल्क मेहंदी शिविर का आयोजन सराहनीय पहल है। इससे जहां महिलाओं को पर्व की खुशियों में सहभागी बनने का अवसर मिला, वहीं छात्राओं को अपनी कला और प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच भी मिला। उन्होंने सेवा भारती के पदाधिकारियों को आयोजन के लिए बधाई दी।
शिविर में पहुंचीं महिलाओं के हाथों पर छात्राओं ने आकर्षक एवं मनमोहक मेहंदी डिजाइनों को उकेरा। अपनी बारी का इंतजार कर रहीं महिलाओं और छात्राओं में भी खासा उत्साह दिखाई दिया। आयोजन के दौरान पारंपरिक पर्व से जुड़ी खुशियों और सामाजिक सहभागिता का माहौल नजर आया।
कार्यक्रम के समापन पर शिविर में अपनी कला का प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को किशोर मद्धेशिया ने अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने छात्राओं के हुनर की सराहना करते हुए उनका उत्साह बढ़ाया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता निर्मल शर्मा ने की तथा संचालन सरस्वती शिशु मंदिर के प्रधानाचार्य अजय सिंह ने किया। विशिष्ट अतिथि के रूप में दिलीप लखानी और राजा राम जायसवाल मौजूद रहे। इस अवसर पर किशोर मद्धेशिया, शिव सदन सहित सेवा भारती के पदाधिकारी, छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में माताएं एवं बहनें उपस्थित रहीं।
