प्रदेश सरकार से हरसंभव मदद दिलाने का दिया आश्वासन

मऊ (राष्ट्र की परम्परा)। मऊ नगर के दक्षिण टोला थाना क्षेत्र के इस्लामाबाद मोहल्ले में शादी समारोह के दौरान टेंट लगाते समय हाईटेंशन तार की चपेट में आने से तीन युवकों की दर्दनाक मौत के बाद प्रदेश सरकार के अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री दानिश आजाद अंसारी ने पीड़ित परिवारों से मुलाकात की। इस दौरान उनके साथ भाजपा जिलाध्यक्ष रामाश्रय मौर्य भी मौजूद रहे।
मंत्री दानिश आजाद अंसारी ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिजनों को ढांढस बंधाया। उन्होंने परिवार के सदस्यों से बातचीत कर इस दुख की घड़ी में संवेदना व्यक्त की और उन्हें हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
मंत्री ने आश्वासन दिया कि प्रदेश सरकार की ओर से पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। तीन युवकों की असमय मौत से परिवारों में शोक का माहौल है। इस घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है।