जिला अस्पताल का किया निरीक्षण, मरीजों से पूछा इलाज का हाल; खराब एंबुलेंस बदलने और डॉक्टरों की समय से मौजूदगी के दिए निर्देश
संत कबीर नगर (राष्ट्र की परम्परा)। प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक बुधवार को संत कबीर नगर पहुंचे। यहां उन्होंने संयुक्त जिला अस्पताल का निरीक्षण किया और मरीजों से मिलकर इलाज व अस्पताल में मिल रही सुविधाओं के बारे में पूछा। इस दौरान उन्होंने डॉक्टरों को साफ कहा कि गरीबों और आम लोगों को सरकारी अस्पताल में मुफ्त और बेहतर इलाज मिलना चाहिए। दवाओं के लिए किसी मरीज को बाहर न भेजा जाए।
उप मुख्यमंत्री श्री पाठक ने इमरजेंसी कक्ष, आर्थोपेडिक वार्ड और मेडिकल वार्ड का जायजा लिया। वार्डों में भर्ती मरीजों से बातचीत कर पूछा कि इलाज ठीक से हो रहा है या नहीं। उन्हें दवाएं और खाना अस्पताल से मिल रहा है या नहीं, इसकी भी जानकारी ली। अस्पताल में सफाई, ऑक्सीजन, दवा काउंटर और इमरजेंसी सेवाओं को भी देखा। उन्होंने डॉक्टरों और कर्मचारियों से कहा कि मरीजों के साथ अच्छा व्यवहार करें और दूर-दराज से आने वाले लोगों को परेशान न होना पड़े।
उन्होंने कहा कि अस्पताल में सभी जरूरी दवाएं मौजूद रहनी चाहिए। किसी मरीज को बाहर से दवा खरीदने के लिए न लिखा जाए। डॉक्टर और कर्मचारी समय से अस्पताल पहुंचें। ड्यूटी में लापरवाही या गैरहाजिरी मिलने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के बाद उप मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की। इसमें जिला अस्पताल के साथ जिले के सभी सीएचसी और पीएचसी में इलाज की व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि अस्पतालों में दवाओं के साथ एंटीवेनम और सभी जरूरी टीके उपलब्ध रहने चाहिए। डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों की ड्यूटी पर नजर रखी जाए। अस्पतालों का नियमित निरीक्षण भी किया जाए, ताकि मरीजों को इलाज के लिए भटकना न पड़े।
बैठक में जिले की एंबुलेंस व्यवस्था का मामला भी उठा। पता चला कि एंबुलेंस की संख्या कम है और कुछ वाहन खराब हालत में हैं। इस पर उप मुख्यमंत्री ने सीएमओ को खराब एंबुलेंस हटाकर नई एंबुलेंस की मांग भेजने को कहा। उन्होंने तत्काल स्वास्थ्य महानिदेशक से फोन पर बात कर जिले को जरूरत के मुताबिक एंबुलेंस उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने आयुष्मान भारत और जननी सुरक्षा योजना का लाभ सभी पात्र लोगों तक पहुंचाने को भी कहा। साथ ही डॉक्टरों को मरीजों की काउंसलिंग करने की सलाह दी, ताकि लोग निजी अस्पतालों के बजाय सरकारी अस्पतालों में मुफ्त इलाज करा सकें।
इस मौके पर पूर्व केंद्रीय मंत्री, विधायक खजनी श्रीराम चौहान, विधान परिषद सदस्य संतोष सिंह, विधायक खलीलाबाद अंकुरराज तिवारी, मेंहदावल विधायक अनिल कुमार त्रिपाठी, धनघटा विधायक गणेश चंद्र चौहान, भाजपा जिलाध्यक्ष नीतू सिंह, जिलाधिकारी अनुज मलिक, पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना, मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
जनपद दौरे के दौरान उप मुख्यमंत्री श्री पाठक ने होटल द बेलेंसिया का फीता काटकर उद्घाटन भी किया। इस मौके पर वरिष्ठ भाजपा नेता त्र्यम्बक नाथ त्रिपाठी, पूर्व विधायक दिग्विजय नारायण उर्फ जय चौबे, जिला मंत्री ई. सुधांशु सिंह सहित पार्टी के पदाधिकारी और अन्य लोग मौजूद रहे।
