Tuesday, June 30, 2026
HomeNewsbeatआम तोड़ने के दौरान पेड़ से गिरा युवक, उपचार से पहले ही...

आम तोड़ने के दौरान पेड़ से गिरा युवक, उपचार से पहले ही मौत

बलईखोर गांव में हादसे के बाद मातम, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा

महराजगंज (राष्ट्र की परम्परा)। कोठीभार थाना क्षेत्र के बलईखोर गांव में मंगलवार सुबह आम तोड़ने के दौरान एक दर्दनाक हादसे में 35 वर्षीय युवक की मौत हो गई। पेड़ से नीचे गिरने के कारण गंभीर रूप से घायल युवक को परिजन तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतक की पहचान पप्पू यादव (35 वर्ष) पुत्र संत यादव, निवासी ग्राम बलईखोर, थाना कोठीभार के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह करीब 9:20 बजे वह आम तोड़ने के लिए पेड़ पर चढ़े थे। इसी दौरान अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और वह काफी ऊंचाई से नीचे आ गिरे। गिरने से उनके सिर समेत शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आस-पास मौजूद ग्रामीण और परिजन तत्काल उन्हें उठाकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण उनके घर पहुंच कर परिजनों को ढांढस बंधाने लगे।
घटना की सूचना सुबह करीब 10:30 बजे मेमो के माध्यम से कोठीभार पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, घटनास्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में कुछ तथ्य सामने आए हैं, लेकिन हादसे के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगी। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
थानाध्यक्ष कोठीभार अखिलेश वर्मा ने बताया कि घटना के संबंध में अभी तक मृतक के परिजनों की ओर से कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। पुलिस आवश्यक विधिक कार्रवाई कर रही है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments