बलिया(राष्ट्र की परम्परा)
बांसडीह-बलिया मार्ग पर शनिवार की दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में ऑटो चालक की मौत हो गई, जबकि बाइक सवार पिता-पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद ऑटो चालक संघ ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए शनिवार को संचालन ठप रखा। इससे जिला मुख्यालय जाने वाले यात्रियों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
हादसा गांधी आश्रम के पास हुआ
जानकारी के अनुसार, बांसडीह थाना क्षेत्र के पिंडहरा गांव निवासी मंजय यादव (30) रोज की तरह ऑटो चलाकर घर लौट रहा था। लगभग 10 बजे उसने अपना ऑटो बांसडीह चौराहे के पास खड़ा कर दिया और पैदल ही घर की ओर बढ़ने लगा। इसी दौरान गांधी आश्रम के पास तेज रफ्तार बाइक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में मंजय सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
पिता-पुत्र बाइक सवार भी घायल
धक्का मारने वाली बाइक पर सवार 48 वर्षीय राजेश और उनका 20 वर्षीय पुत्र रमन भी हादसे में घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से तीनों घायलों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बांसडीह पहुंचाया गया। यहां प्राथमिक इलाज के बाद हालत गंभीर देखते हुए सभी को जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान मंजय ने दम तोड़ दिया। वहीं बाइक सवार पिता-पुत्र का इलाज जिला अस्पताल में जारी है।
परिवार में मचा कोहराम
मंजय यादव की मौत से घर में कोहराम मच गया है। पत्नी गुड़िया देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के दो छोटे बच्चे – बेटी अंशिका और बेटा दीपक – हैं। परिजनों के अनुसार मंजय परिवार का मुख्य सहारा था। उसकी अचानक मौत से घर की आर्थिक स्थिति पर भी गहरा संकट आ गया है।
आटो चालकों ने जताया शोक, रोका संचालन
हादसे से आक्रोशित ऑटो चालकों ने शनिवार को संचालन पूरी तरह बंद रखा। ऑटो चालक संघ के अध्यक्ष राजू सिंह के नेतृत्व में दुर्गा मंदिर परिसर में एक बैठक कर दिवंगत चालक को श्रद्धांजलि दी गई और मृतक के परिवार के लिए मदद का संकल्प लिया। ऑटो बंद रहने से यात्रियों को बलिया जिला मुख्यालय जाने में परेशानी का सामना करना पड़ा।
ग्रामीणों की मांग – सड़क पर लगे स्पीड ब्रेकर
हादसे के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि बांसडीह-बलिया मार्ग पर गांधी आश्रम और ब्लॉक के पास स्पीड ब्रेकर लगाए जाएं। उनका कहना है कि इस मार्ग पर अक्सर तेज रफ्तार वाहनों के कारण हादसे होते रहते हैं।
सोहनाग/सलेमपुर (राष्ट्र की परम्परा)। उच्च प्राथमिक विद्यालय सोहनाग में शनिवार को सलेमपुर ब्लॉक के पूर्व…
भागलपुर/देवरिया (राष्ट्र की परम्परा)। मईल थाना क्षेत्र के पिंडी-भागलपुर मार्ग पर निर्माणाधीन सड़क के समीप…
संत कबीर नगर (राष्ट्र की परम्परा)। प्रदेश की डेल्टा रैंकिंग में दूसरा स्थान हासिल करने…
गोरखपुर (राष्ट्र की परम्परा)। जवाहर नवोदय विद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2027-28 के तहत कक्षा छह…
प्रभादेवी स्नातकोत्तर महाविद्यालय में सजेगा साहित्यिक समारोह, देश के जाने-माने साहित्यकारों की रहेगी मौजूदगी संत…
हर बूथ पर 140 नए मतदाता जोड़ने का लक्ष्य, युवा और महिला मतदाताओं के पंजीकरण…