संत कबीर नगर (राष्ट्र की परम्परा)। जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मेंहदावल की व्यवस्थाओं पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में अस्पताल के वार्ड के भीतर बेड पर आवारा कुत्ते आराम करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है और स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर प्रश्न उठ रहे हैं।
बताया जा रहा है कि जिस वार्ड में मरीजों को भर्ती किया जाना चाहिए, वहां साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था की स्थिति बेहद खराब है। वायरल वीडियो में साफ दिख रहा है कि अस्पताल के बेड पर कुत्ते सो रहे हैं। यह दृश्य न केवल स्वास्थ्य मानकों की अनदेखी दर्शाता है, बल्कि मरीजों की सुरक्षा पर भी सवाल खड़ा करता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अस्पताल में पहले ही बेड और सुविधाओं की कमी की शिकायतें रहती हैं। कई बार मरीजों और तीमारदारों को पर्याप्त चिकित्सा सुविधा नहीं मिल पाती। ऐसे में अस्पताल परिसर में आवारा पशुओं का खुलेआम घूमना और वार्ड तक पहुंच जाना बड़ी लापरवाही माना जा रहा है।
ग्रामीणों ने अस्पताल प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने और जिम्मेदार कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
इस संबंध में संबंधित अधिकारियों का पक्ष अभी सामने नहीं आया है। हालांकि वीडियो वायरल होने के बाद जांच और कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।
