Saturday, February 14, 2026
HomeNewsbeatयातायात सुरक्षा के लिए प्रभादेवी शिक्षण संस्थान की भव्य जन-जागरूकता महारैली

यातायात सुरक्षा के लिए प्रभादेवी शिक्षण संस्थान की भव्य जन-जागरूकता महारैली

यातायात नियम हमारे रक्षक हैं, दुश्मन नहीं- महारैली में गूंजा संदेश

संत कबीर नगर (राष्ट्र की परम्परा)। प्रभादेवी शिक्षण संस्थान द्वारा जिला मुख्यालय खलीलाबाद में यातायात सुरक्षा एवं जन-जागरूकता को लेकर एक भव्य महारैली का आयोजन किया गया, जिसमें स्नातक व स्नातकोत्तर कला, विज्ञान, वाणिज्य वर्ग, विधि संकाय तथा प्रभावती सुपर केयर हॉस्पिटल के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। महारैली का शुभारंभ एआरटीओ प्रियंवदा सिंह, सीओ यातायात प्रियम राजशेखर पाण्डेय, संस्थान के अध्यक्ष विनय कुमार चतुर्वेदी तथा प्रबंध निदेशिका पुष्पा चतुर्वेदी द्वारा हरी झंडी दिखाकर किया गया।
रैली अपने निर्धारित समय प्रातः 10 बजे मोती चौराहा से प्रारंभ होकर गोला बाजार, समय माता मंदिर होते हुए मेहदावल बाईपास तक निकाली गई। पैदल मार्च के दौरान छात्र-छात्राएं पूरे उत्साह के साथ यातायात नियमों से जुड़े नारे लगाते नजर आए। तख्तियों पर लिखे ट्रैफिक स्लोगन और ट्रॉली पर सजी आकर्षक झांकियों के माध्यम से सड़क सुरक्षा का संदेश प्रभावी ढंग से आमजन तक पहुंचाया गया।

महारैली को संबोधित करते हुए एआरटीओ प्रियंवदा सिंह ने कहा कि युवाओं की सक्रिय भागीदारी यह दर्शाती है कि समाज सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर है। सड़क सुरक्षा केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि उनका पहला और सबसे बड़ा लक्ष्य सड़क दुर्घटनाओं को शून्य करना है, क्योंकि सड़क सुरक्षा ही जीवन की सुरक्षा है।
सीओ यातायात प्रियम राजशेखर पाण्डेय ने कहा कि यातायात जागरूकता रैली के माध्यम से हर नागरिक को यह संदेश दिया जा रहा है कि यातायात नियमों की अनदेखी स्वयं और दूसरों की जान के लिए खतरा बन सकती है। यह रैली केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि यह याद दिलाने का प्रयास है कि घर पर कोई हमारा इंतजार कर रहा है। उन्होंने वर्ष 2026 को दुर्घटना-मुक्त बनाने के लक्ष्य को भी दोहराया।

संस्थान की प्रबंध निदेशिका पुष्पा चतुर्वेदी ने सभी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह केवल एक रैली नहीं, बल्कि जीवन को सुरक्षित बनाने का सामूहिक संकल्प है। सड़क पर की गई छोटी-सी लापरवाही और एक पल की जल्दबाजी पूरे परिवार को जीवनभर का दुख दे सकती है। उन्होंने कहा कि यातायात नियम हमारे दुश्मन नहीं, बल्कि हमारे रक्षक हैं और इनका पालन करना प्रत्येक नागरिक के लिए अनिवार्य है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments