
मसौढ़ी/पटना (राष्ट्र की परम्परा)। पटना समेत राज्य के विभिन्न सिविल कोर्ट परिसरों में विस्फोटक रखे होने की धमकी के बीच शुक्रवार को मसौढ़ी सिविल कोर्ट में अचानक अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही सुरक्षा के मद्देनजर न्यायालय परिसर को तत्काल खाली करा दिया गया। न्यायालय खुलने के बाद धमकी की जानकारी सामने आने पर न्यायिक अधिकारियों ने अधिवक्ताओं, न्यायालय कर्मियों और परिसर में मौजूद अन्य लोगों को बाहर निकलने का निर्देश दिया। इसके बाद पूरे परिसर में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई। सूचना मिलते ही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-1 राघव दयाल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम ने न्यायालय परिसर के कमरों, विभिन्न हिस्सों और आसपास के स्थानों में बारीकी से तलाशी ली। सुरक्षा को देखते हुए जांच के दौरान पुलिसकर्मियों ने विशेष सतर्कता बरती।
डॉग स्क्वायड के साथ हुई जांच
पुलिस के साथ डॉग स्क्वायड की टीम ने भी न्यायालय परिसर में तलाशी अभियान चलाया। उपलब्ध जानकारी के अनुसार जांच के दौरान किसी संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक के बरामद होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। एहतियात के तौर पर परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखा गया है।
एसडीपीओ ने बताया सुरक्षा कारणों से खाली कराया परिसर
एसडीपीओ-1 राघव दयाल ने बताया कि न्यायालय परिसर में विस्फोटक रखे होने की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना को गंभीरता से लेते हुए एहतियाती कदम उठाए गए और परिसर को खाली कराकर पुलिस टीम ने सघन जांच की। उन्होंने कहा कि सुरक्षा के दृष्टिकोण से आवश्यक सतर्कता बरती जा रही है।
पहले भी सामने आती रही हैं ऐसी सूचनाएं
न्यायालय परिसरों को बम से उड़ाने या वहां विस्फोटक रखे होने की धमकियां पहले भी सामने आती रही हैं। शुक्रवार को मसौढ़ी सिविल कोर्ट को लेकर मिली सूचना के बाद कुछ समय के लिए परिसर में अफरा-तफरी का माहौल रहा। पुलिस ने गहन तलाशी के साथ सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा कर दिया।
