Tuesday, March 31, 2026
HomeUncategorizedमुंबई एयरपोर्ट पर बड़ी कार्रवाई: 120 विदेशी वन्य जीवों की तस्करी नाकाम,...

मुंबई एयरपोर्ट पर बड़ी कार्रवाई: 120 विदेशी वन्य जीवों की तस्करी नाकाम, दो आरोपी गिरफ्तार

मुंबई, (राष्ट्र की परम्परा डेस्क) छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सीमा शुल्क विभाग ने वन्यजीव तस्करी की एक बड़ी कोशिश को नाकाम करते हुए 120 जीवित विदेशी वन्य जीवों को जब्त किया है। जब्त किए गए इन जानवरों में दुर्लभ प्रजातियों के इगुआना, भूरी ‘बेसिलिस्क’ छिपकलियां और सुमात्रा धारीदार खरगोश शामिल हैं।

अधिकारियों के अनुसार, ये जानवर बैंकॉक से मुंबई पहुंचे दो स्थानीय निवासियों के सामान में छिपाकर लाए जा रहे थे। दोनों आरोपियों को तुरंत हिरासत में ले लिया गया और उनके खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

बताया गया कि तस्करी के लिए इन जानवरों को छोटे प्लास्टिक और जूट के बक्सों में भरकर अमानवीय तरीके से लाया गया था। जाँच के दौरान इन बॉक्सों से विभिन्न दुर्लभ प्रजातियों के जीव बरामद हुए।

सीमा शुल्क विभाग और वन्यजीव अपराध नियंत्रण ब्यूरो (WCCB) ने संयुक्त रूप से यह कार्रवाई की। अधिकारी ने बताया कि जब्त किए गए सभी जीवों को उनके मूल देशों में वापस भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

जानवरों की हालत को देखते हुए ‘रेस्क्विंक एसोसिएशन फॉर वाइल्डलाइफ वेल्फेयर’ की टीम को बुलाया गया, जिन्होंने जानवरों को सुरक्षित निकालने और प्राथमिक चिकित्सा देने में मदद की।

यह कार्रवाई अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चल रही वन्यजीव तस्करी के नेटवर्क पर एक बड़ा प्रहार मानी जा रही है। अधिकारियों ने कहा है कि मामले की आगे गहन जांच की जा रही है, ताकि इस तस्करी रैकेट के अन्य सदस्यों तक भी पहुंचा जा सके।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments