संत कबीर नगर (राष्ट्र की परम्परा)। जिलाधिकारी आलोक कुमार की अध्यक्षता में जिला पुस्तकालय समिति की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुई। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी सहित समिति के सदस्य उपस्थित रहे। इस दौरान पुस्तकालय के विकास, उन्नयन, संवर्धन तथा उसे अधिक लोकप्रिय एवं उपयोगी बनाने के विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई।
जिलाधिकारी ने राजकीय जिला पुस्तकालय में बाउंड्रीवाल और मुख्य गेट निर्माण के लिए निदेशालय को प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए। रीडिंग कक्ष में वातानुकूलन (एसी) की व्यवस्था तथा बढ़ती पाठक संख्या को देखते हुए अतिरिक्त मेज-कुर्सियों की उपलब्धता के लिए भी निदेशालय को पत्र भेजने को कहा गया।
बैठक में पुस्तकालय के लिए समाचार पत्र, मासिक एवं वार्षिक पत्रिकाएं, करेंट अफेयर्स सामग्री तथा प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित उपयोगी प्रकाशनों की उपलब्धता बढ़ाने पर भी चर्चा हुई। इसके लिए विभिन्न प्रकाशन संस्थानों से निःशुल्क प्रतियां उपलब्ध कराने हेतु पत्राचार करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने पुस्तकालयाध्यक्ष को अधिकारियों के सहयोग से कैरियर काउंसलिंग एवं तनाव प्रबंधन कार्यक्रम आयोजित कराने तथा प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए उपयोगी पुस्तकों की सूची तैयार करने के निर्देश दिए। पुस्तकालय परिसर में छायादार वृक्षों और बायो फेंसिंग की व्यवस्था के लिए प्रभागीय वनाधिकारी को पत्र भेजने को कहा गया।
पाठकों की सुविधा के लिए इनवर्टर, सैनिटरी पैड वेंडिंग मशीन, सेल्फ इंसिनरेटर, साइकिल स्टैंड, ओपन जिम तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) के माध्यम से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। नगर पालिका के सहयोग से नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।
बैठक में पुस्तकालय की सुरक्षा के लिए सुरक्षाकर्मी अथवा रात्रिकालीन चौकीदार की व्यवस्था तथा बाल कक्ष की स्थापना एवं विस्तार के प्रस्तावों पर भी चर्चा हुई।
बैठक में जिला शिक्षण एवं प्रशिक्षण संस्थान, जिला साक्षरता समिति, जिला युवा कल्याण विभाग, जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय, विभिन्न शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधि तथा पुस्तकालय समिति के सदस्य उपस्थित रहे।
जिला पुस्तकालय के विकास और सुविधाओं के विस्तार पर जोर, समिति बैठक में कई प्रस्तावों पर चर्चा
RELATED ARTICLES
