Saturday, July 11, 2026
HomeNewsbeatकटहल नाला, मेडिकल बाईपास और बाढ़ शरणालय का डीएम ने किया औचक...

कटहल नाला, मेडिकल बाईपास और बाढ़ शरणालय का डीएम ने किया औचक निरीक्

लापरवाही पर फटकार, विकास कार्यों में तेजी और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के दिए निर्देश

बलिया(राष्ट्र क़ी परम्परा )

जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने शनिवार को शहर में चल रही विभिन्न विकास परियोजनाओं का औचक निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने परमानंदापुर स्थित कटहल नाला, मेडिकल बाईपास, माल्देपुर क्षेत्र तथा महावीर घाट पर निर्माणाधीन बाढ़ शरणालय का निरीक्षण किया। इस दौरान कार्यों में लापरवाही और धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्थाओं को कड़ी चेतावनी दी और समयबद्ध ढंग से कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए। परमानंदापुर स्थित कटहल नाला निर्माण स्थल पर जिलाधिकारी ने कार्य की धीमी गति पर असंतोष व्यक्त किया। उन्होंने कार्यदायी संस्था को फटकार लगाते हुए गुणवत्ता से कोई समझौता न करने और निर्माण कार्य में तेजी लाकर निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने मेडिकल बाईपास का निरीक्षण किया। अधिकारियों को निर्देशित किया कि सड़क की मार्किंग का कार्य शीघ्र पूरा कराया जाए तथा माल्देपुर से सड़क चौड़ीकरण का चिन्हांकन शुरू किया जाए। उन्होंने अवैध अतिक्रमण हटाने, मिट्टी की कटाई और नाली निर्माण का कार्य तत्काल प्रारंभ कराने के भी निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान माल्देपुर स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग-31 के बीच उगी घास, झाड़ियों और सड़क किनारे फैली गंदगी देखकर जिलाधिकारी नाराज हो गए। उन्होंने संबंधित विभाग को तत्काल साफ-सफाई अभियान चलाकर राजमार्ग को व्यवस्थित और सुरक्षित रखने के निर्देश दिए। इसके बाद जिलाधिकारी महावीर घाट स्थित निर्माणाधीन बाढ़ शरणालय पहुंचे, जहां उन्होंने भवन की ऊंचाई, निर्माण में प्रयुक्त सरिया की गुणवत्ता तथा अन्य तकनीकी मानकों की जानकारी ली। उन्होंने बाउंड्रीवाल का निर्माण शीघ्र पूरा कराने, आवश्यक स्थानों पर पिलर लगाने और पूरी परियोजना को निर्धारित मानकों के अनुरूप मजबूती के साथ पूरा करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि विकास कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी स्तर पर लापरवाही या मानकों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा दोषी अधिकारियों और कार्यदायी संस्थाओं के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान एसडीएम सदर अभिनेंद्र सिंह, एडीएम अनिल कुमार, पीडब्ल्यूडी के अधिकारी, आपदा विभाग से पियूष सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments