चयनित खिलाड़ियों को सम्मानित करते डीएम देवरिया

देवरिया। (राष्ट्र की परम्परा) देवरिया के दो होनहार ताइक्वांडो खिलाड़ियों ने जिले का नाम रोशन करने की दिशा में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। कलिंद इंटरमीडिएट कॉलेज के आदर्श कुशवाहा और यूपी पब्लिक स्कूल के आयान विन लियाकत का राष्ट्रीय स्तर की ताइक्वांडो प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ है। दोनों खिलाड़ियों के चयन से खेल प्रेमियों और शिक्षकों में खुशी की लहर है।
राष्ट्रीय स्तर पर जिले का प्रतिनिधित्व करने जा रहे दोनों खिलाड़ियों को जिलाधिकारी ने सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर जिला क्रीड़ा अधिकारी, ताइक्वांडो सचिव गिरीश सिंह, शारीरिक शिक्षक प्रभात रंजन मणि, जाकिर हुसैन सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर प्रधानाचार्य परिषद के प्रांतीय उपाध्यक्ष डॉ. मिथिलेश कुमार सिंह, परिषद के जिलाध्यक्ष माधव प्रसाद सिंह, डॉ. शशिपाल राव और कैप्टन हरिकेश सिंह ने प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि आदर्श कुशवाहा और आयान विन लियाकत का राष्ट्रीय स्तर के लिए चयन देवरिया के लिए गौरव की बात है। दोनों खिलाड़ियों ने अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर जिले को नई पहचान दिलाने का अवसर हासिल किया है।
उन्होंने दोनों खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए राष्ट्रीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन और सफलता की कामना की। साथ ही उम्मीद जताई कि दोनों खिलाड़ी आगे भी अपनी उपलब्धियों से देवरिया और उत्तर प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।