संत कबीर नगर (राष्ट्र की परम्परा)। जिले में संचारी रोगों और दिमागी बुखार की रोकथाम के लिए एक अक्टूबर से विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान शुरू होगा। अभियान 31 अक्टूबर तक चलेगा, जबकि 12 से 31 अक्टूबर तक दस्तक अभियान के तहत स्वास्थ्य कर्मी घर-घर पहुंचकर रोगियों की पहचान और लोगों को बचाव के उपायों के प्रति जागरूक करेंगे।
कलेक्ट्रेट सभागार में बुधवार को मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी की अध्यक्षता में संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान की तैयारियों को लेकर अंतर्विभागीय समन्वय समिति की बैठक हुई। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. रामानुज कनौजिया ने बताया कि अभियान के दौरान स्वास्थ्य विभाग के साथ विभिन्न विभाग समन्वय बनाकर संचारी रोगों, वेक्टर जनित रोगों और दिमागी बुखार की रोकथाम के लिए काम करेंगे।
दस्तक अभियान के दौरान आशा, एएनएम और अन्य स्वास्थ्य कर्मी घर-घर जाकर एई/जेई और बुखार के संभावित मरीजों की पहचान करेंगे। तेज बुखार वाले मरीजों को जरूरत के अनुसार 102/108 एंबुलेंस से नजदीकी सीएचसी या पीएचसी भेजा जाएगा। स्वास्थ्य टीमें घरों में कूलर, गमले, पुराने बर्तन, टायर, फ्रिज की ट्रे और पानी जमा होने वाले अन्य स्थानों की भी जांच करेंगी।
सीडीओ ने सभी विभागों को माइक्रो प्लान के अनुसार अभियान चलाने और ग्रामीण स्तर पर प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। विद्यालयों में बच्चों को संचारी रोगों से बचाव के प्रति जागरूक करने के लिए बेसिक और माध्यमिक शिक्षा विभाग को विशेष निर्देश दिए गए।
नगर निकायों को नालियों की सफाई, जल निकासी, साफ-सफाई और फॉगिंग पर विशेष ध्यान देने को कहा गया। संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त सतर्कता बरतने तथा आशा, एएनएम और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के कार्यों की नियमित निगरानी करने के निर्देश भी दिए गए।