Saturday, June 13, 2026
HomeNewsbeatमनौना धाम जा रही श्रद्धालुओं से भरी बस खाई में पलटी 30...

मनौना धाम जा रही श्रद्धालुओं से भरी बस खाई में पलटी 30 घायल

शाहजहाँपुर (राष्ट्र की परम्परा )l तिलहर-दातागंज स्टेट हाईवे पर शनिवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। बहराइच से मनौना धाम दर्शन के लिए जा रही श्रद्धालुओं से भरी बस करकौर गांव के पास अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में पलट गई। हादसे में करीब 30 श्रद्धालु घायल हो गए, जबकि बस में 40 से अधिक यात्री सवार थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तिराहे के पास सामने से आ रहे वाहन को बचाने के प्रयास में चालक ने बस को मोड़ा, तभी बस का संतुलन बिगड़ गया और वह खाई में जा गिरी। हादसे के बाद यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने बस के शीशे तोड़कर अंदर फंसे यात्रियों को बाहर निकाला और राहत कार्य शुरू किया। कुछ ही देर में पुलिस और 108 एंबुलेंस की टीमें भी मौके पर पहुंच गईं।
ईएमटी रवि नंदन और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने घायलों को प्राथमिक उपचार दिया। बाद में सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। चिकित्सकों के अनुसार अधिकांश यात्रियों को हल्की चोटें आई हैं और सभी की हालत खतरे से बाहर है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि हाईवे पर लंबे समय से गहरे गड्ढे बने हुए हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों ने सड़क की जल्द मरम्मत कराने की मांग की है।
थाना प्रभारी रामेंद्र सिंह ने बताया कि घायलों को उपचार उपलब्ध कराने के बाद श्रद्धालुओं को दूसरी बस से मनौना धाम के लिए रवाना कर दिया गया है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments